गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
Written By वार्ता

जीतू का स्वर्ण पर निशाना, गगन की चांदी

जीतू का स्वर्ण पर निशाना, गगन की चांदी -
FILE
ग्लास्गो। भारत के जीतू राय ने स्वर्णिम प्रदर्शन करते हुए ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों की निशानेबाजी प्रतियोगिता में सोमवार को 50 मीटर पिस्टल पुरुष स्पर्धा में फाइनल्स गेम्स रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पर निशाना साध लिया, जबकि पिछले राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पुरुष गगन नारंग ने 50 मीटर राइफल प्रोन पुरुष स्पर्धा में रजत पदक जीत लिया।

भारत को जीतू के स्वर्ण के साथ इस स्पर्धा में दूसरी सफलता मिली जब गुरपाल सिंह ने रजत पदक जीत लिया। ऑस्ट्रेलिया के डेनिएल रेपाचोली को कांस्य पदक मिला। जीतू के स्वर्ण और गुरपाल के रजत पदक जीतने के कुछ देर बाद ही नारंग ने 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा में देश को रजत पदक दिला दिया।

भारत का इन खेलों में यह सातवां स्वर्ण पदक है और वह कुल सात स्वर्ण, 11 रजत तथा सात कांस्य सहित 25 पदक जीतकर पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया।

ऑस्ट्रेलिया 27 स्वर्ण, 21 रजत और 27 कांस्य पदक के साथ पहले स्थान पर है। इंग्लैंड (24 स्वर्ण, 17 रजत और 19 कांस्य) दूसरे जबकि मेजबान स्कॉटलैंड (12 स्वर्ण, आठ रजत और 11 कांस्य) तीसरे स्थान पर है।

जीतू राय ने फाइनल में कुल 194.1 अंक स्कोर कर स्वर्ण पदक जीता। गुरपाल 187.2 अंकों के साथ रजत विजेता बने। रेपाचोली (166.6) को कांस्य पदक मिला। जीतू ने इस स्पर्धा के क्वालिफाइंग दौर में 562 का स्कोर कर नया गेम्स रिकॉर्ड बनाया था। गुरपाल क्वालिफाइंग में 538 अंकों के साथ छठे स्थान पर थे, लेकिन फाइनल्स में वह रजत हासिल करने में कामयाब रहे।

दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में चार स्वर्ण पदक जीतने वाले नारंग की रजत पदक से शुरुआत हुई। उन्होंने 50 मीटर राइफल प्रोन स्पर्धा में 203.6 अंक लेकर रजत जीता। ऑस्ट्रेलिया के वारेन पोटेंट ने 204.3 अंक के साथ स्वर्ण जीता। इंग्लैंड के केनेथ पार के हिस्से में 182.0 अंक के साथ कांस्य पदक आया।

नारंग अपनी स्पर्धा के क्वालिफाइंग दौर में 620.5 अंक जुटाकर तीसरे स्थान पर थे। इस स्पर्धा में जायदीप करमाकर 617.0 अंक लेकर फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर पाए। नारंग और पोटेंट के बीच जबरदस्त मुकाबला हुआ। नारंग एक समय 12वें शॉट के बाद तीसरे स्थान पर चल रहे थे लेकिन 14वें शॉट के बाद वे दूसरे स्थान पर पहुंच गए।

उत्तरप्रदेश के लखनऊ के 26 वर्षीय जीतू राय ने फाइनल में पहली सीरीज में 29.5, दूसरी में 28.2, तीसरी में 20.2, चौथी में 19.9, पांचवीं में 20.5, छठी में 18.6, सातवीं में 18.3, आठवीं में 18.9 और नौवीं में 20.0 के स्कोर किए और नया फाइनल्स गेम्स रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण अपने नाम किया।

पंजाब के बठिंडा के 34 वर्षीय गुरपाल ने फाइनल्स में अपनी पोजिशन में उल्लेखनीय सुधार करते हुए रजत अपने नाम किया। जीतू की स्वर्णिम सफलता ने भारत को पदक तालिका में एक स्थान की छलांग देते हुए चौथे नंबर पर पहुंचा दिया। जीतू ने हाल ही में म्यूनिख में आईएसएसएफ विश्वकप में 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में रजत जीता था जिसके बाद वे नंबर एक निशानेबाज बन गए थे।

हैदराबाद के नारंग क्वालिफाइंग में 620.5 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर थे, लेकिन फाइनल में उन्होंने रजत हासिल कर लिया। पोटेंट ने फाइनल्स गेम्स रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। नारंग ने चार वर्ष पहले दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में 10 मीटर एयर राइफल, इसी स्पर्धा के पेयर्स, 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन पेयर्स और 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन के स्वर्ण पदक जीते थे।

नारंग इस बार 50 मीटर राइफल प्रोन में उतरे और रजत जीतने में कामयाबी हासिल की। भारत ने निशानेबाजी में सोमवार को तीन पदक जीतने के साथ इस प्रतियोगिता में निशानेबाजी में अपने कुल पदकों की संख्या चार स्वर्ण, सात रजत और एक कांस्य सहित 12 पहुंचा दी। इस बीच भारत की महिला निशानेबाज श्रेयसी सिंह और सीमा तोमर ने महिला ट्रैप स्पर्धा के फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। (वार्ता)