शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. अन्य खेल
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा
Last Modified: शारजाह , बुधवार, 23 अप्रैल 2014 (22:18 IST)

अधिबान संयुक्त शीर्ष पर बरकरार

अधिबान संयुक्त शीर्ष पर बरकरार -
FILE
शारजाह। ग्रैंडमास्टर और पूर्व राष्ट्रीय चैम्पियन बी अधिबान ने खराब स्थिति में होने के बावजूद वापसी करते हुए बांग्लादेश के जियाउर रहमान को हराकर एशिया महाद्वीप शतरंज चैम्पियनशिप में छठे दौर के बाद अपनी संयुक्त बढ़त बरकरार रखी है।

अधिबान अब टूर्नामेंट में अच्छे नतीजे की उम्मीद कर सकते हैं और शीर्ष पांच में जगह बना सकते हैं। टूर्नामेंट में शीर्ष पांच में रहने वाले खिलाड़ियों को अजरबेजान के बाकू में होने वाले 2015 विश्व शतरंज कप में जगह मिलेगी।

टूर्नामेंट में अब जब सिर्फ तीन दौर का खेल बाकी है तब अधिबान के अलावा पूर्व विश्व चैम्पियन उज्बेकिस्तान के रूस्तम कासिमझानोव और चीन के यु यांग्ई भी संयुक्त रूप से शीर्ष पर चल रहे हैं।

शीर्ष पर चल रहे खिलाड़ियों के संभावित छह में से पांच अंक हैं। चीन के नी हुआ और बू शियांग्झी 4.5 अंक के साथ संयुक्त चौथे स्थान पर हैं। भारत के कृष्णन शशिकिरण और परिमार्जन नेगी जैसे खिलाड़ी इनसे आधा अंक पीछे हैं।

कल तक शीर्ष पर चल रहे एसपी सेतुरमन को हालांकि विश्व जूनियर चैम्पियन यांग्ई के हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा। दूसरी तरफ शशिकिरण और नेगी जीत दर्ज करने में सफल रहे।

शशिकिरण ने हमवतन भारतीय देवाशीष दास को हराया जबकि नेगी ने ईरान के पोया ईडानी को शिकस्त दी। महिला चैम्पियनशिप में भारत की अंतरराष्ट्रीय मास्टर तानिया सचदेव को ईरान की अतोसा पोरकाशियान के हाथों शिकस्त का सामना करना पड़ा जिससे उनकी उम्मीदों को झटका लगा है।

इस बीच इंडोनशिया की ईरीन करिश्मा सुकंदर ने ईरान की सरासादत खादेमलशेरिया को हराकर एकल बढ़त बना ली है। इंडोनेशिया की खिलाड़ी ने 5.5 अंक के साथ एक अंक की बढ़त बना रखी है। तानिया के 3.5 अंक हैं और पोडियम में जगह बनाने के लिए उन्हें किसी करिश्मे की जरूरत है। (भाषा)