भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के साथ सभी तरह के क्रिकेट संबंध खत्म करने की घोषणा करने के बाद सहारा ग्रुप ने भारतीय हॉकी के साथ अपने प्रायोजन में 170 फीसदी का इजाफा करने का ऐलान कर दिया।
सहारा ने भारत की पुरुष एवं महिला राष्ट्रीय एवं जूनियर हॉकी टीमों के लिए पांच वर्ष की अवधि के प्रायोजन की घोषणा की। सहारा ने बताया कि वह पहले हॉकी टीम को जो प्रायोजन राशि दे रहा था, उसमें 170 फीसदी की वृद्धि कर दी गई है।
सहारा ने देश के राष्ट्रीय खेल को अपना पूरा समर्थन देने का वादा किया है। सहारा हॉकी को समर्थन देने के लिए वर्ष 2003 में आगे आया था। सहारा इंडिया परिवार के प्रमुख सुब्रत राय सहारा ने यह घोषणा करते हुए कहा हमें खुशी है कि हम देश के राष्ट्रीय खेल के साथ जुडे हुए हैं और हम इसे अपना पूरा सहयोग देना जारी रखेंगे ताकि भारतीय हॉकी फिर से ऊंचाइयों को छू सके।
हॉकी इंडिया के महासचिव नरेन्द्र बत्रा ने इस प्रायोजन के लिए सहारा को धन्यवाद देते हुए कहा कि इससे भारतीय खिलाड़ियों को आगामी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिलेगी। (वार्ता)