ब्रिटिश खुफिया प्रमुख ने चेतावनी दी है कि लंदन ओलिम्पिक पर आतंकी खतरा हो सकता है क्योंकि पाकिस्तान और अफगानिस्तान में सुरक्षित पनाहगाह के बावजूद जिहादी तत्व अब आतंकवादी प्रशिक्षण के लिए पश्चिम एशिया की ओर कदम बढ़ा रहे हैं क्योंकि अरब जगत का एक भाग अलकायदा के लिए फिर से ज्यादा अनुकूल बन गया है।
इसे नया और चिंताजनक घटनाक्रम करार देते हुए एमआई 5 के महानिदेशक जोनाथन इवांस ने अपने एक सार्वजनिक भाषण में कहा कि समय जैसे-जैसे बीतेगा, स्थिति बदतर हो सकती है। एमआई 5 अगले महीने के ग्रीष्मकालीन ओलिम्पिक से विभिन्न खतरों के लिए कमर कस रही है।
यह चेतावनी देते हुए कि ओलंपिक खेल हमारे दुश्मनों के लिए आकर्षक निशाना हैं और वे एक दो महीने में दुनिया भर का ध्यान उन पर केन्द्रित होगा, उन्होंने कहा कि इस बात के प्रयास किए जा रहे हैं कि खेलकूद का यह महा आयोजन आसान निशाना नहीं बन पाए।
'गार्जियन' के अनुसार एमआई 5 प्रमुख ने कहा कि ईरान भारी चिंता का एक और कारण है क्योंकि पश्चिमी देश और इस्राइल उस पर किसी भी तक का परमाणु हथियार कार्यक्रम छोड़ने का दबाव बना रहे हैं जो वह गुपचुप तरीके से कर रहा है।
उन्होंने कहा कि भारत और अजरबैजान में इसराइली हितों के खिलाफ साजिश के तहत कई प्रयास हुए तथा अमेरिका में सऊदी अरब के राजदूत पर हमला करने की ईरान के इस्लामी रिवोल्यूशनरी गार्ड ने साजिश की थी।
इवांस ने कहा कि अरब क्षेत्र में अस्थिरता से अलकायदा के लिए अनुकूल माहौल पैदा हो गया है और इस बात के सबूत हैं कि ब्रिटेन से जिहादी बनने वाले लोग आतंकवाद का प्रशिक्षण और अवसर की तलाश में वहां की यात्रा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अलकायदा अब पाकिस्तान और अफगानिस्तान से यमन, सोमालिया और साहेल की ओर रूख कर रहा है। (भाषा)