फीफा विश्व कप 2010 | समाचार
मुख पृष्ठ » खेल-संसार » अन्य खेल » समाचार » फेडरर और ली ना बने चैंपियन
FILE
विश्व के नंबर एक खिलाड़ी रोजर फेडरर ने चिर प्रतिद्वंद्वी और दूसरी सीड सर्बिया के नोवाक जोकोविच को रविवार को यहां लगातार सेटों में 6-0, 7-6 से सिनसिनाटी मास्टर्स टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल का खिताब जीत लिया जबकि चीन की ली ना ने जर्मनी की एंजलिक कर्बर को कडे संघर्ष में 1-6, 6-3, 6-1 से हराकर महिला एकल का खिताब अपने नाम किया।

शीर्ष वरीय फेडरर ने पूरे टूर्नामेंट में एक बार भी अपनी सर्विस नहीं गंवाई और फाइनल में तो जोकोविच उनके खिलाफ कोई ब्रेक अंक तक हासिल नहीं कर सके। स्विस खिलाड़ी ने पहला सेट आसानी से 20 मिनट में 6-0 से जीत लिया। हालांकि दूसरे सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ लेकिन फेडरर ने 9-7 से टाईब्रेक में जीत दर्ज करते हुए खिताब पर कब्जा कर लिया।

रिकार्ड 17 ग्रैंड स्लेम खिताबों के विजेता 31 वर्षीय फेडरर का इस वर्ष यह छठा एटीपी खिताब है। साथ ही उन्होंने 21 मास्टर्स 1000 खिताब जीतने के स्पेन के राफेल नडाल की भी बराबरी कर ली। फेडरर ने इस जीत के साथ ही इस महीने के अंत में शुरू हो रहे वर्ष के अंतिम ग्रैंड स्लेम यूएस ओपन के लिए अपना मनोबल ऊंचा कर लिया।

इस बीच महिला एकल में चीन की ली ना ने जर्मन खिलाड़ी के खिलाफ पहला सेट गंवाने के बावजूद शानदार वापसी की और अगले दोनों सेट जीतकर खिताब अपनी झोली में डाल लिया। इस जीत के साथ ही ली ना ने इस सत्र में तीन फाइनल गंवाने के सिलसिले को तोड़ दिया।

30 वर्षीय ली ना का यह छठा करियर खिताब और पिछले वर्ष फ्रेंच ओपन जीतने के बाद पहला खिताब है1 ली ना ने कर्बर के खिलाफ पहले सेट गंवाने और दूसरे सेट में 0-3 से पिछड़ने के बाद लगातार नौ गेम जीतकर धमाकेदार वापसी की। उन्होंने निर्णायक सेट में 3-0 की बढ़त बनाने के बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा और जर्मन खिलाड़ी को सत्र का तीसरा खिताब जीतने से वंचित कर दिया। (वार्ता)
संबंधित जानकारी
Feedback Print