लंदन ओलिंपिक में दूसरे दौर में बाहर हो जाने के बावजूद भारतीय टेनिस खिलाड़ियों की रैंकिंग में कोई असर नहीं पड़ा तथा लिएंडर पेस अब भी युगल में दुनिया के चोटी के पांच खिलाड़ियों में बने हुए हैं।
महिला वर्ग में सानिया मिर्जा एकल में दो पायदान नीचे खिसकी हैं लेकिन युगल में वह पहले की तरफ 18वें स्थान पर बरकरार हैं। पेस और विष्णु वर्धन की जोड़ी पुरुष युगल में दूसरे दौर में बाहर हो गई थी।
पेस के अब एटीपी रैंकिंग 6335 रेटिंग अंक हैं लेकिन वह पहले की तरह पांचवें स्थान पर बरकरार हैं। महेश भूपति और रोहन बोपन्ना की जोड़ी भी दूसरे दौर से आगे नहीं बढ़ पाई थी लेकिन पहले दौर में जीत दर्ज करने से उनकी रैंकिंग में कोई गिरावट नहीं आई।
बोपन्ना 13वें स्थान पर बने हुए हैं जबकि भूपति एक पायदान उपर 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं। इस बीच वाइल्ड कार्ड से आखिरी क्षणों में ओलिंपिक में जगह बनाने वाले विष्णु पहले दौर में हार के बावजूद चोटी के 300 खिलाड़ियों में पहुंच गये हैं। विष्णु ने 12 स्थान की छलांग लगाई और अब वह 292वें स्थान पर काबिज हैं।
ओलिंपिक के एकल में भाग लेने वाले एक अन्य भारतीय खिलाड़ी सोमदेव देववर्मन को हालांकि पहले दौर में हारने का भारी खामियाजा भुगतना पड़ा तथा वह 45 पायदान नीचे 464वें स्थान पर खिसक गए हैं।
इस बीच डब्ल्यूटीए रैंकिंग में सानिया युगल में 3735 रेटिंग अंक के साथ 18वें स्थान पर बनी हुई लेकिन एकल में पहले दौर में बाहर होने के कारण वह दो पायदान नीचे 256वें स्थान पर खिसक गई हैं। युगल में सानिया की जोड़ीदार रश्मि चक्रवर्ती को एक स्थान का नुकसान हुआ है और अब वह 506वें स्थान पर हैं। (भाषा)