मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Yuki Bhambri
Written By
Last Updated :बेंगलुरु , सोमवार, 15 सितम्बर 2014 (17:27 IST)

युकी की हार से भारत ने प्लेऑफ मुकाबला गंवाया

युकी की हार से भारत ने प्लेऑफ मुकाबला गंवाया - Yuki Bhambri
बेंगलुरु। डेविस कप विश्व ग्रुप में प्रवेश के लिए भारत का इंतजार जारी रहेगा, चूंकि मेजबान को वर्षाबाधित प्लेऑफ मुकाबले में सर्बिया ने 2-3 से हरा दिया जब युकी भांबरी निर्णायक 5वां मुकाबला आसानी से हार गए।
 
युकी को फिलीप क्राजिनोविच ने 6-3, 6-4, 6-4 से हराया। इससे 2010 चैंपियन सर्बिया ने विश्व ग्रुप में वापसी कर ली। भारत को अब 2015 सत्र में एशिया ओशियाना जोन में ही खेलना होगा। भारत पिछली बार 2011 में विश्व ग्रुप में पहुंचा था जिसमें पहले दौर में उसे सर्बिया ने ही हराया था।
 
बारिश के कारण रविवार को युकी और कारजिनोविच के बीच दूसरा उलट एकल मुकाबला नहीं हो सका था। इससे पहले सोमदेव देववर्मन ने डुसान लाजोविच को हराकर भारत को 2-2 से बराबरी पर पहुंचाया था।
 
युकी बिलकुल भी फॉर्म में नजर नहीं आए और कई सहज गलतियां कीं। उनके पास दो बार अपने प्रतिद्वंद्वी की सर्विस तोड़ने का मौका था, लेकिन वे ऐसा कर नहीं सके। सुबह मुकाबला बहाल होने के समय वे 4-6, 4-4 से पीछे थे। उन्होंने आते ही अपनी सर्विस गंवाई और जब सर्विस तोड़ने का मौका था तो वह चूक गए। 
 
दूसरे सेट में उसने दो ब्रेक प्वॉइंट गंवाए, जब क्राजिनोविच सर्विस पर था। दूसरी ओर क्राजिनोविच ने जबर्दस्त खेल का प्रदर्शन किया और अपनी मर्जी से विनर लगाए। निर्णायक 5वां मुकाबला पहली बार खेल रहे युकी दबाव में दिखे। उन्होंने तीसरे सेट के पहले ही गेम में सर्विस गंवाई। युकी 3 सर्विस गेम पर सिर्फ 3 अंक बना सके। क्राजिनोविच को यह सेट भी जीतने में कोई दिक्कत नहीं हुई।
 
डेविस कप के 114 साल के इतिहास में सिर्फ 51 बार 0-2 से पिछड़ने के बाद किसी देश ने मुकाबला जीता है। भारत सिर्फ एक बार ऐसा कर सका है, जब 2010 में उसने चेन्नई में ब्राजील को हराया था। उस समय सोमदेव ने चौथा और रोहन बोपन्ना ने 5वां मैच जीता था।
 
शुक्रवार को दोनों एकल मुकाबले हारने के बाद लिएंडर पेस और बोपन्ना ने युगल मुकाबला जीतकर भारत को मैच में लौटाया था। सोमदेव ने इसके बाद लाजोविच को हराकर 2-2 से बराबरी कर दी। युकी ने मैच के बाद स्वीकार किया कि उसने कुछ गलतियां कीं।
 
युकी ने मैच के बाद कहा कि मैंने जो कुछ भी किया, वह कारगर साबित नहीं हुआ। मैंने गलतियां दोहराई। मैंने अपने दस साल के कैरियर में इतनी गलतियां नहीं की थी जितनी इस सप्ताह की। (भाषा)