शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Sharath Kamal
Written By
Last Modified: नई दिल्ली , मंगलवार, 5 मई 2015 (20:17 IST)

शरत कमल करियर की सर्वश्रेष्ठ 32वीं रैंकिंग पर

शरत कमल करियर की सर्वश्रेष्ठ 32वीं रैंकिंग पर - Sharath Kamal
नई दिल्ली। भारत के अचंत शरत कमल 12 स्थान की छलांग लगाकर अंतरराष्ट्रीय टेबल टेनिस महासंघ की ताजा रैंकिंग में अपने कॅरियर के सर्वश्रेष्ठ 32वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
       
शरत कमल हाल में विश्व टेबल टेनिस प्रतियोगिता के तीसरे राउंड तक पहुंचे थे लेकिन चोट के कारण उन्हें हटने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्हें तीसरे दौर में चीन के फेंग बो से खेलना था। उन्होंने दूसरे दौर में अपने से ऊंची रैंकिंग के फ्रांस के साइमन गोजी को हराया था।
       
इस सत्र में शानदार फार्म में खेल रहे शरत ने जयपुर में एशियाई चैंपियनशिप के दौरान विश्व के दो टॉप ट्वंटी खिलाडियों को हराया था। शरत को पिछले महीने 26 रेटिंग अंक हासिल हुए थे, जिससे उनके अंकों की संख्या 2296 पहुंच गई थी। शरत की इससे पहले सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग मई 2014 में 38वां स्थान थी। 
        
पहली बार भारत के दो खिलाड़ी दुनिया के शीर्ष 100 खिलाड़ियों में शामिल हुए है। सौम्यजीत घोष विश्व चैंपियनशिप में दूसरे दौर में पहुंचने के प्रदर्शन की बदौलत नौ स्थान उठकर 95वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
 
विश्व चैंपियनशिप के मुख्य ड्रॉ के लिए क्वालिफाई करने वाले जी.सत्यन ने रैंकिंग में सबसे लंबी छलांग लगाई है। वह 16 स्थान उठकर 162वें नंबर पर पहुंच गए है। 
 
हरमीत देसाई आठ स्थान खिसककर 167वें नंबर पर पहुंच गए है जबकि सनिल शेट्टी 242वें स्थान पर है। जुबिन कुमार 330वें से 317वें स्थान पर पहुंचे है और हिमांशु जिंदल (716) ने पहली बार रैंकिंग में जगह बनाई है।
      
महिलाओं में मौमा दास सात स्थान उठकर 164वें नंबर पर पहुंच गई है। मौमा विश्व चैंपियनिशप के पहले दौर में हारी थी। मुख्य ड्रॉ में पहुंचने वाली के. शामिनी 202वें स्थान पर है। 
 
पोलोमी घटक 13 स्थान उठकर 182वें नंबर पर पहुंच गई है। अंकिता दास चार स्थान के सुधार के साथ 186वें, मधुरिका पाटकर 13 स्थान की छलांग के साथ 213वें और अर्चना कामत 16 स्थान के सुधार के साथ 310वें नंबर पर पहुंच गई है।
        
सेलेना सेल्वाकुमार ने पहली बार रैंकिंग में जगह बनाई है। वह 351 स्थान पर है। सेराहा जैकब (513) और अभिन्या रमेश (647) भी पहली बार रैंकिंग में पहुंची है। (वार्ता)