शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. sai
Written By
Last Updated : बुधवार, 22 अक्टूबर 2014 (18:31 IST)

वाल्श को कोच बनाए रखना चाहता है साई

वाल्श को कोच बनाए रखना चाहता है साई - sai
नई दिल्ली। अपने पद से इस्तीफा देने की नाटकीय घोषणा के एक दिन बाद भारतीय हॉकी टीम के मुख्य कोच टैरी वाल्श ने बुधवार को शीर्ष खेल अधिकारियों के साथ बैठक की और अपने पद पर बने रहने का फैसला किया। इस ऑस्ट्रेलियाई को आश्वासन दिया गया है कि उनकी चिंताओं का निदान किया जाएगा तथा उन्हें नया अनुबंध मिलेगा।
 
खेल मंत्रालय और साई अधिकारियों के साथ बैठक के बाद 60 वर्षीय वाल्श ने इस्तीफा नहीं देने का फैसला किया जिससे देश के हॉकी समुदाय ने राहत की सांस ली।
 
वाल्श के फैसले की घोषणा खेल मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने की। उन्होंने ट्वीट किया कि मुझे खुशी है कि साई के प्रयासों के बाद टैरी वाल्श टीम के साथ बने रहेंगे। भारतीय हॉकी के उज्ज्वल भविष्य के लिए आगे टिकी है निगाह।
 
भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने बयान जारी करके बैठक के बारे में विस्तार से बताया और साफ किया कि इंचियोन एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम के कोच रहे वाल्श का उनके साथ कोई वित्तीय मसले नहीं हैं।
 
साई महानिदेशक जिजि थॉमसन ने बयान में कहा कि चर्चा के दौरान उन्होंने बहुत साफ किया कि उन्हें करों में कटौती और पारिश्रमिक को लेकर कोई परेशानी नहीं है। उनकी मुख्य चिंता हॉकी से संबंधित तकनीक मसलों पर फैसले करने में व्यावहारिक स्वायत्तता की कमी है।
 
उन्होंने कहा कि उनका का मानना था कि उन्हें और हाई परफॉरर्मेंस निदेशक को फैसले लेने में अधिक स्वतंत्रता दी जानी चाहिए। साई की तरफ से इसमें कोई दिक्कत नहीं है। यह मसला हॉकी इंडिया को सुलझाना होगा। (भाषा)