गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. PV Sindhu, Google search
Written By
Last Modified: रविवार, 25 दिसंबर 2016 (18:49 IST)

गूगल पर 2016 में सबसे अधिक ढूंढी गईं सिंधु

गूगल पर 2016 में सबसे अधिक ढूंढी गईं सिंधु - PV Sindhu, Google search
नई दिल्ली। भारतीय बैडमिंटन की नई सनसनी रियो ओलंपिक की रजत पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु सर्च इंजन गूगल पर वर्ष 2016 में सबसे अधिक ढूंढी जाने वाली खिलाड़ी रहीं।
गूगल ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 2016 में जिन खिलाड़ियों को सर्च इंजन पर ढूंढा गया उनमें सिंधुशीर्ष पर रहीं। सिंधुने इस मामले में भारतीय वनडे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी, दिग्गज सचिन तेंदुलकर, टेस्ट कप्तान विराट कोहली जैसे बड़े खिलाड़ियों को भी पीछे छोड़ दिया। 
 
इसके अलावा जिम्नास्ट दीपा करमाकर और रियो की कांस्य पदक विजेता पहलवान साक्षी मलिक भी गूगल पर सर्च किए जाने वाले खिलाड़ियों की सूची में शीर्ष 10 में शामिल हैं। दीपा भारत की पहली महिला जिम्नास्ट हैं जिन्होंने ओलंपिक खेलों के लिए क्वालीफाई किया। वे रियो में चौथे स्थान पर रही थीं। 
 
अन्य नामों में धोनी, विराट, सचिन, बैडमिंटन खिलाड़ी किदाम्बी श्रीकांत और टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा शामिल हैं। सिंधुसूची में ओवरऑल दूसरे स्थान पर रहीं जबकि अमेरिका के निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सूची में शीर्ष पर रहे। रियो ओलंपिक के अलावा भी सिंधुका मौजूदा वर्ष में प्रदर्शन काबिलेतारीफ रहा और उन्होंने मलेशियन ग्रां प्री और चाइना ओपन सुपर सीरीज में भी खिताब जीता। 
 
साल के आखिरी दुबई विश्व सुपर सीरीज फाइनल्स के आखिरी ग्रुप मैच में उन्होंने नंबर 1 स्पेन की कैरोलिना मारिन को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। गूगल के अनुसार रियो में उनका मारिन के साथ फाइनल मैच सबसे अधिक देखा गया मुकाबला रहा। इस मैच को दुनियाभर में 1.7 करोड़ लोगों ने देखा था। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
सचिन ने बढ़ाया मान, आमिर ने दिया सम्मान : गीता फोगाट