गुरुवार, 18 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Other sports news, Cristiano Ronaldo, Real Madrid, Portugal
Written By
Last Modified: मंगलवार, 5 जुलाई 2016 (20:04 IST)

अकेले रोनाल्डो नहीं पुर्तगाल टीम होगी चुनौती : बेल

अकेले रोनाल्डो नहीं पुर्तगाल टीम होगी चुनौती : बेल - Other sports news, Cristiano Ronaldo, Real Madrid, Portugal
लियोन। वेल्स के स्टार खिलाड़ी और दुनिया के सबसे महंगे खिलाड़ियों में शुमार गैरेथ बेल ने कहा है कि यूरो कप का सेमीफाइनल मुकाबला रियाल मैड्रिड में उनके साथी खिलाड़ी पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो और उनके बीच की लड़ाई नहीं है।
            
वेल्स और पुर्तगाल के बीच लियोन में बुधवार को सेमीफाइनल मुकाबला होने जा रहा है जिसे पुर्तगाल के कप्तान रोनाल्डो और वेल्स के बेल के बीच का मैच भी माना जा रहा है। ये दोनों खिलाड़ी रियाल मैड्रिड में एक साथ खेलते हैं और दोनों ही दुनिया के सबसे अमीर फुटबाल हैं। बेल ने कहा" यह दो लोगों के बीच मैच नहीं है। यह दो राष्ट्रों के बीच होने वाला सेमीफाइनल है जिसमें 11 खिलाड़ी 11 अन्य खिलाड़ियों के खिलाफ होंगे।
           
रियाल के अपने टीम साथी की प्रशंसा करते हुए  वेल्स के खिलाड़ी ने कहा कि रोनाल्डो एक बेहतरीन खिलाड़ी हैं। लेकिन हम केवल यह बात कर सकते हैं कि हम क्या करेंगे। हम विपक्षी टीम से नहीं डरते हैं। यह मायने रखता है कि मैच में हम कैसा खेलते हैं। रोनाल्डो पुर्तगाल के सबसे अनुभवी और सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। लेकिन मौजूद टूर्नामेंट में उन्होंने बहुत प्रभावित नहीं किया है। वहीं बेल अब तक तीन गोल कर चुके हैं और वेल्स के अहम खिलाड़ी हैं। 
         
दोनों फारवर्ड खिलाड़ी आखिरी तीन सत्रों में एक साथ कमाल का खेलते हैं और दो चैंपियंस लीग खिताब जीत चुके हैं। लेकिन सेमीफाइनल में लोगों की उत्सुकता उनके प्रदर्शन से अधिक उन्हें एक दूसरे के खिलाफ खेलते देखने पर अधिक है। बेल ने कहा" हम दोनों रियाल में एक साथ खेलते हैं और एक दूसरे के करीबी भी हैं। हम दोनों एक दूसरे को जानते हैं और इस बात से भी वाकिफ हैं कि क्या कर सकते हैं।" 
            
बेल वर्ष 2013 में रियाल का हिस्सा बने थे और उन्हें 8.5 करोड़ पाउंड में क्लब का हिस्सा बनाया गया था जिसके बाद वह दुनिया के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए। उनसे पहले रोनाल्डो को 8 करोड़ पाउंड में खरीदा गया था। वेल्स के खिलाड़ी ने पुर्तगाल के खिलाफ मैच को लेकर भरोसा जताते हुए कहा कि उनकी टीम यहां टूर्नामेंट जीतने के लिए आई है। (वार्ता) 
ये भी पढ़ें
मोदी का 'चुनावी विस्तार', सर्वाधिक मंत्री यूपी से