मंगलवार, 23 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Master Chandigram Gold Cup Wrestling Tournament, Manisha, Asif Ahmed
Written By
Last Updated : सोमवार, 19 मार्च 2018 (21:22 IST)

विश्व कैडेट कुश्ती चैंपियन मनीषा ने जीता 'चंदगीराम गोल्ड कप'

विश्व कैडेट कुश्ती चैंपियन मनीषा ने जीता 'चंदगीराम गोल्ड कप' - Master Chandigram Gold Cup Wrestling Tournament, Manisha, Asif Ahmed
नई दिल्ली। विश्व कैडेट कुश्ती चैंपियन हिसार की मनीषा (52 किग्रा) ने महिलाओं तथा आसिफ अहमद (97 किग्रा) ने पुरुष वर्ग में सातवें मास्टर चंदगीराम गोल्ड कप कुश्ती टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीत लिया। भारत केसरी जगदीश कालीरमन अपने पिता पद्मश्री मास्टर चन्दगीराम की याद में यह दंगल हर साल आयोजित करते है।


हर वर्ष इस कुश्ती प्रतियोगिता को आयोजित करने का उद्देश्य है बच्चों की कुश्ती को प्रोत्साहित करना। बच्चों को एक मंच देना, जिस पर वे कुश्ती का प्रदर्शन कर सकें। वर्ल्ड कैडेट कुश्ती की चैंपियन महावीर स्टेडियम हिसार की मनीषा ने अपनी ख्याति के अनुकूल शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं के 52 किग्रा वर्ग का स्वर्ण पदक जीत लिया। फाइनल में उन्होंने गीतांजलि अखाड़े की दीप्ति को हराया।

पुरुषों के 97 किलो का स्वर्ण चंदगीराम अखाड़े के भारतीय शैली के पारंगत पहलवान आसिफ अहमद ने पीर सिलाना के सुमित गुलिया को हराकर हासिल किया। चंदगीराम अखाड़े के पहलवानों ने कुल 12 पदक फ्रीस्टाइल में जीते, जिनमें 5 स्वर्ण, 1 रजत और 6 कांस्य पदक शामिल हैं। अखाड़े के स्वर्ण पदक विजेता रहे 97 किलो सीनियर में आसिफ अहमद, 55 किलो 8-10 आयु वर्ग में राहुल, 46 किलो 15-19 आयु वर्ग में तालिब, 32 किलो महिला 11-14 आयु वर्ग में विनीता, आरती सहोरा ने सीनियर 53 किलो महिला में स्वर्ण एवं 52 किलो 11-14 आयु वर्ग में रजत पदक जीता।

अखाड़े के कांस्य पदक विजेता रहे 55 किलो 8-10 आयु वर्ग में वंश, 74 किलो 15-19 आयु वर्ग में हरिन्द्र, 60 किलो 15-19 आयु वर्ग में विकास चौधरी, 96 किलो 15-19 आयु वर्ग में ॠषभ, 97 किलो सीनियर में चिंटू खत्री, 50 किलो सीनियर में अरुण कुमार। 96 किग्रा वर्ग में अनिल मान अखाड़े के आकाश ने जयवीर अखाड़े के मोहित को हराकर जीता।

महिलाओं के 62 किग्रा वर्ग का ख़िताब महावीर अखाड़े की अंकुश ने प्रेमनाथ अखाड़े की शैलजा को हराकर अपने नाम किया। अंकुश विश्व कैडेट कुश्ती में कांस्य पदक विजेता हैं। 11 से 14 आयु वर्ग के 65 किग्रा वर्ग में प्रताप स्कूल, खरखोदा के अनिल ने चौधरी चरण सिंह केंद्र के सागर कुमार को हराकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं 15 से 19 आयु वर्ग में 55 किग्रा वजन वर्ग में देवी सिंह अखाड़े की प्रतिभा ने राकेश अखाड़े की नेहा को हराया।

5 से 19 आयु वर्ग के 46 किग्रा में मास्टर चंदगीराम अखाड़े के तालिब और 57 किग्रा ग्रीको रोमन में विजय पाल अखाड़े के संतोष भानु ने स्वर्ण पदक जीते। महिलाओं के 65 किलोग्राम (11 से 14 वर्ष) वर्ग में दीपिका, 35 किग्रा (8 से 10) वर्ग में आर्य व्यायामशाला के आर्यन, 55 किलोग्राम (8 से 10) वर्ग में मास्टर चंदगीराम अखाड़े के राहुल विजेता बने।

66 किग्रा (15 से 19) वर्ग में जयवीर अखाड़े के अजय, 60 किग्रा में (15 से 19) वर्ग में छत्रसाल के आशीष सहरावत और 74 किलोग्राम वर्ग में जयवीर अखाड़े के तेजवीर सिंह यादव स्वर्ण विजेता रहे। एमसीडी (उत्तर) की महापौर प्रीति अग्रवाल ने इस अवसर पर मास्टर चंदगीराम व्यायामशाला के सुधार की भी घोषणा की।

मास्टर चन्दगीराम ट्रस्ट के अध्यक्ष आरपी सिंह, जेके प्रोडेक्शन के रोहित चौधरी, शिवा जेम्स के शाहिल सराफ, अर्जुन पुरस्कार विजेता कृपाशंकर बिश्नोई ने विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए। देवेन्द्र सहरावत, कृष्ण कादयान, विजय कुमार, भूप डबास ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में अपना पूर्ण सहयोग दिया। (वार्ता)
ये भी पढ़ें
अदालत की चौखट पर पहुंची हसीन जहां, बंद कमरे में हुए बयान...