मंगलवार, 16 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Marykom
Written By
Last Updated :मुंबई , बुधवार, 1 अक्टूबर 2014 (19:19 IST)

अमिताभ, प्रियंका ने दी मैरीकॉम को बधाई

अमिताभ, प्रियंका ने दी मैरीकॉम को बधाई - Marykom
मुंबई। अमिताभ बच्चन, प्रियंका चोपड़ा और शबाना आजमी जैसे बॉलीवुड कलाकारों ने बुधवार को भारतीय मुक्केबाज मैरीकॉम को 'सच्ची चैंपियन' और 'आदर्श' बताते हुए उन्हें एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने की बधाई दी।
प्रियंका ने कहा कि मैरीकॉम ने इस खेल के लिए मेहनत और त्याग किया है, जिसे वे समझती हैं। उन्होंने कहा, मुझे ऐसा लग रहा है कि जैसे मैंने (पदक) जीता.. क्या उपलब्धि है.. वह आदर्श हैं। 
 
उन्होंने फिर से साबित किया कि उन्हें कोई नहीं रोक सकता। प्रियंका ने कहा कि तीन बच्चों की मां मैरीकॉम ने आज भारत को गौरवान्वित किया जैसा कि उन्होंने अपने पूरे करियर में करके दिखाया है। 
 
प्रियंका ने कहा कि उन्होंने विश्व को दिखाया कि वे सच्ची चैंपियन हैं। मुझे खुशी और गर्व है कि मैंने दुनिया को इस महान महिला की कहानी बताई। गौरतलब है कि प्रियंका ने इस मुक्केबाज के जीवन पर आधारित फिल्म 'मैरीकॉम' में मुख्य भूमिका निभाई थी। इस फिल्म के निर्देशक उमंग कुमार ने भी मैरीकॉम को बधाई दी।
 
बच्चन ने ट्वीट किया, मैरीकॉम ने स्वर्ण पदक जीता। क्या शानदार उपलब्धि है.. भारतीय होने पर गर्व है। अभिनेता फरहान अख्तर ने ट्वीट किया, मैरीकॉम को स्वर्ण पदक जीत पर बधाई। शबाना आजमी ने कहा कि मैरीकॉम उन सभी महिलाओं के लिए आदर्श हैं, जो बड़े सपने देखती हैं।
 
अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा, अनिल कपूर और दीया मिर्जा ने भी मैरीकॉम को बधाई दी।
 
मैरीकॉम ने फ्लाईवेट 51 किग्रा वर्ग के फाइनल में कजाखस्तान की मुक्केबाज झाइना शेकेरबेकोवा को हराया और वे एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला मुक्केबाज बन गईं।
 
तरुण गोगोई ने दी मैरीकॉम को बधाई : असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने आज पांच बार की विश्व चैंपियन मुक्केबाज एमसी मैरीकॉम को दक्षिण कोरिया के इंचियोन में जारी एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी।
 
गोगोई ने यहां एक बयान में कहा कि एशियाई खेलों में मैरीकॉम के शानदार प्रदर्शन ने न केवल पूर्वोत्तर क्षेत्र बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया। मुख्यमंत्री ने कहा, मैं एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर आपको तहेदिल से बधाई देता हूं। 
 
उन्होंने कहा, स्वर्ण पदक दिलाने वाला उनका प्रदर्शन काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि वे एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला मुक्केबाज हैं। मुझे आशा है कि वे आगामी प्रतियोगिताओं में भी अपने निरंतर अच्छे प्रदर्शन से देश का झंडा ऊंचा करती रहेंगीं। (भाषा)