शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Manu Bheker
Written By
Last Updated :गोल्ड कोस्ट , रविवार, 8 अप्रैल 2018 (16:54 IST)

CWG : मनु भाकर ने जीता एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक

CWG : मनु भाकर ने जीता एयर पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक - Manu Bheker
गोल्ड कोस्ट। भारत की 16 बरस की मनु भाकर ने राष्ट्रमंडल खेलों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में नए रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि हिना सिद्धू ने शानदार वापसी करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। 
 
भाकर ने 240.9 का स्कोर करके राष्ट्रमंडल खेलों का रिकॉर्ड बनाया। दूसरे स्थान पर रही उनकी सीनियर हमवतन निशानेबाज हिना का स्कोर 234 था। कांस्य पदक ऑस्ट्रेलिया की एलेना गालियाबोविच को मिला जिसका स्कोर 214.9 था। आत्मविश्वास से ओतप्रोत भाकर ने अपने पहले राष्ट्रमंडल खेल में दोनों चरणों में दबदबा बनाए रखा।
 
पूनम यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 21वें राष्ट्रमंडल खेलों की भारोत्तोलन प्रतियोगिता के 5वें दिन महिला 69 किलोग्राम वर्ग में रविवार को भारत को 5वां स्वर्ण पदक दिलाया। पूनम ने अपनी नजदीकी प्रतिद्वंद्वी इंग्लैंड की सराह डेविस को हराकर यह पदक जीता है। 
 
पूनम के लिए राष्ट्रमंडल खेलों में यह दूसरा पदक है। इसके पहले उन्होंने वर्ष 2014 के ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में कांस्य पदक जीता था। पूनम के स्वर्ण के साथ ही भारत 5 स्वर्ण, 1 रजत और 1 कांस्य के साथ पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। इस तालिका में ऑस्ट्रेलिया पहले, इंग्लैंड दूसरे और कनाडा तीसरे स्थान पर हैं।
 
भाकर स्वर्ण की प्रबल दावेदार मानी जा रही थी,  क्योंकि उसने मैक्सिको में इस साल आईएसएसएफ सीनियर विश्व कप में स्वर्ण पदक जीता था और उसके बाद सिडनी में जूनियर विश्व कप में भी पीला तमगा अपने नाम किया।
 
सिद्धू एक बार बाहर होने की कगार पर थी लेकिन उसने शानदार वापसी करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। उसने दिल्ली में राष्ट्रमंडल खेल 2010 में भी रजत जीता था। इस स्पर्धा में भारत का दबदबा इतना था कि पहले 2 पदक के लिए सिर्फ भाकर और सिद्धू ही दौड़ में बचे थे। भाकर ने 8 महिलाओं के फाइनल में 14 बार 10 या अधिक का स्कोर किया। 
 
सिद्धू विवादों के घेरे में इन खेलों में आई थी, जब खेल मंत्रालय ने उनके पति और कोच रौनक पंडित को एक्रीडिटेशन देने से इंकार कर दिया था। सिद्धू की शुरुआत खराब रही और एक समय वह बाहर होने की कगार पर थी लेकिन उसने शानदार वापसी करके अपने आलोचकों को जवाब दिया। लगातार 9 के स्कोर के बाद सिद्धू ने 10 प्लस का स्कोर किया। 
 
भाकर शुरू ही से अपने प्रतिद्वंद्वियों से काफी आगे थी। सिद्धू और एलेना जिस समय 195 अंक पर थे और 4 शॉट बाकी थे, तब भाकर का स्कोर 201.7 था। एलिमिनेशन के दूसरे चरण में भाकर ने 141.5 का स्कोर किया जबकि सिद्धू 134.9 अंक लेकर 6ठे स्थान पर थी। भाकर ने पहले चरण के आखिर में 101.5 स्कोर किया। (भाषा)