मंगलवार, 16 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Indian runner MR Poovamma
Written By
Last Modified: शनिवार, 1 नवंबर 2014 (13:54 IST)

धाविका पूवम्मा को सत्र के अच्छे अंत की उम्मीद

धाविका पूवम्मा को सत्र के अच्छे अंत की उम्मीद - Indian runner MR Poovamma
नई दिल्ली। भारतीय धाविका एमआर पूवम्मा ने शुक्रवार को कहा कि वे 2 नंवबर से यहां जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शुरू होने वाली राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक के साथ सत्र का अंत करना चाहती है।

24 वर्षीय पूवम्मा ने इंचियोन एशियाई खेलों में व्यक्तिगत 400 मीटर दौड़ का कांस्य और 4 गुना 400 मीटर रिले में स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने इसके अलावा घरेलू सर्किट में जून में राष्ट्रीय अंतर राज्य प्रतियोगिता और अगस्त में फेडरेशन कप में स्वर्ण पदक जीता।

पूवम्मा ने कहा कि मैं ओएनजीसी राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने की कोशिश करूंगी। यह सत्र की अंतिम रेस है और मैं शायद अपने समय पर ध्यान केंद्रित नहीं रख पाऊं।

कर्नाटक की इस धाविका ने कहा कि वे सत्र में अपनी फॉर्म में खुश हैं जिससे वे अपने एथलेटिक्स करियर का अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ लम्हा हासिल करने में सफल रही।

उन्होंने कहा कि मैंने एशियाई खेलों में पदक जीतने के लिए 4 साल ट्रेनिंग की है। रिले दौड़ में लोगों को अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी लेकिन एशियाई खेलों में अपना पहला व्यक्तिगत पदक जीतने के बाद मेरा मनोबल बढ़ा। यह मेरे करियर का अब तक का सर्वश्रेष्ठ लम्हा है।

पूवम्मा ने कहा कि वर्ष 2015 में अब उनकी नजरें 51.05 से सेकंड के राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ने और आईएएएफ विश्व चैंपियनशिप और एशियाई चैंपियनशिप में पदक जीतने पर टिकी हैं। (भाषा)