बुधवार, 24 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. FIFA corruption arrests
Written By
Last Updated :वारसा , गुरुवार, 28 मई 2015 (12:21 IST)

कलंकित हुआ फुटबॉल, फीफा में बवाल...

कलंकित हुआ फुटबॉल, फीफा में बवाल... - FIFA corruption arrests
वारसा। षड्यंत्र और भ्रष्टाचार के आरोप में फुटबॉल की वैश्विक संस्था के सात अधिकारियों को ज्यूरिख में गिरफ्तार किया गया, जिसमें एक फीफा उपाध्यक्ष भी शामिल है। इस घटना ने एक ओर इस खेल पर काला धब्बा लगा दिया वहीं दूसरी ओर फीफा में उथल पुथल मचा दी। यूरोपीय फुटबॉल परिसंघ ने मांग की है कि भ्रष्टाचार के दो स्कैंडल में फंसने के बाद फीफा अध्यक्ष पद के चुनाव स्थगित हो जाने चाहिए।
 
खेलों में सबसे बड़ा घोटाला : दुनिया की इस सबसे अमीर खेल संस्था के सात आला अधिकारियों को स्विट्जरलैंड के ज्यूरिख में गिरफ्तार किया गया है। इन पर 950 करोड़ रुपए से ज्यादा की घूस लेने और वित्तीय अनियमितताएं करने का आरोप है। इन अधिकारियों पर आरोप है कि वे अमेरिका में फुटबॉल टूर्नामेंट्स के आयोजन में धांधली कर रहे थे।

मामले पर क्या बोले फीफा अध्यक्ष : फीफा अध्यक्ष सैप ब्लाटर ने माना कि भ्रष्टाचार का बड़ा मामला सामने आने की वजह से फुटबॉल का विश्व निकाय कठिन समय से गुजर रहा है लेकिन उन्होंने संकल्प जताया कि कोई भी अधिकारी अगर दोषी पाया गया तो उसे खेल से निष्कासित कर दिया जाएगा।
 
ब्लाटर ने अपनी पहली प्रतिक्रिया अमेरिकी भ्रष्टाचार जांच के तहत ज्यूरिख में सात अधिकारियों की गिरफ्तारी के बाद दी। फीफा ने इस स्कैंडल में कथित संलिप्तता को लेकर 11 लोगों को अस्थायी तौर पर प्रतिबंधित कर दिया है।
 
ब्लाटर ने एक वक्तव्य में कहा, 'यह फुटबॉल, प्रशंसकों और एक संगठन के तौर पर फीफा के लिए कठिन समय है। अनेक लोगों ने जो निराशा जाहिर की है उसे हम समझते हैं और मैं जानता हूं कि जिस तरीके से अनेक लोग हमें देखते हैं उससे आज का कार्यक्रम प्रभावित होगा।

ब्लैटर को मिली चुनौती: युएफा की कार्यकारी समिति की असाधारण बैठक के बाद युएफा महासचिव जियानी इंफांटिनो ने कहा, 'युएफा का मानना है कि फीफा कांग्रेस स्थगित हो जानी चाहिए और अध्यक्ष पद के चुनाव छह महीने के भीतर होने चाहिए।' फीफा कांग्रेस आज से शुरू हो रही है और अध्यक्ष पद के लिए मतदान शुक्रवार को होगा। विवादों से घिरे फीफा के मौजूदा अध्यक्ष सेप ब्लाटर को जोर्डन के शहजादे अली बिन अल हुसैन से टक्कर मिलेगी।
 
उधर, अमेरिकी स्पोर्ट्सवियर कंपनी नाइकी ने कहा कि वह वैश्विक फुटबॉल निकाय फीफा में भ्रष्टाचार की जांच में सहयोग कर रही है। उसने यह बात अदालती दस्तावेजों में स्कैंडल में उसकी संलिप्तता की ओर इशारा किए जाने के बाद कही है। 
अगले पन्ने पर... क्यों खुश हुए माराडोना...

अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर डिएगो माराडोना ने भ्रष्टाचार निरोधक स्टिंग में फीफा के शीर्ष अधिकारियों की गिरफ्तारी पर खुशी जताते हुए चेताया है कि अगला नंबर फीफा प्रमुख सेप ब्लाटर का हो सकता है।
 
माराडोना ने कहा कि वह फीफा के दो उपाध्यक्षों समेत सात अधिकारियों की गिरफ्तारी की खबर से आनंदित हैं।
 
इन अधिकारियों को ज्यूरिख के एक लक्जरी होटल में छापे के बाद गिरफ्तार किया गया। उन्हें 15 करोड़ डालर से अधिक की रिश्वत लेने के आरोपों में अमेरिका निर्वासित किया जाएगा। माराडोना ने कहा कि अगला नंबर ब्लाटर का हो सकता है।
 
उन्होंने कहा, 'देखते जाओ, ब्लाटर को अपनी सफाई देने अमेरिका जाना पड़ सकता है। वे दस साल से उनके पीछे हैं।' माराडोना और ब्लाटर के बीच 1986 मेक्सिको विश्व कप से ही ठनी हुई है। उस समय माराडोना ने दिन की गर्मी में मैच कराने के फैसले का विरोध किया था।
 
इस महान फुटबालर ने कहा, 'मैं लंबे समय से कहता आ रहा हूं। वे कहते थे कि मैं पागल हूं लेकिन आज एफबीआई ने सच बता दिया। अब देखते हैं कि क्या इसके बाद ब्लाटर जीतते हैं। अमेरिकियों ने बेहतरीन काम किया है।