शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Boxing India
Written By
Last Updated :नई दिल्ली , सोमवार, 15 सितम्बर 2014 (22:33 IST)

एआईबीए ने दी बॉक्सिंग इंडिया को अस्थाई मान्यता

एआईबीए ने दी बॉक्सिंग इंडिया को अस्थाई मान्यता - Boxing India
नई दिल्ली। भारतीय मुक्केबाजी को आज आखिरकार प्रशासनिक वनवास से छुट्टी मिली क्योंकि अंतरराष्ट्रीय संस्था एआईबीए ने नव नियुक्त बॉक्सिंग इंडिया को अस्थाई रूप से मान्यता प्रदान करते हुए देश के मुक्केबाजों को आगामी एशियाई खेलों में बिना किसी परेशानी के भागीदारी करने का रास्ता साफ कर दिया।
 
एआईबीए में भारत के अधिकारिक प्रतिनिधि किशन नर्सी ने कहा, अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी संघ (एआईबीए) ने बॉक्सिंग इंडिया को अस्थाई मान्यता प्रदान की है, जिसका मतलब है कि हमारे मुक्केबाज अब एशियाई खेलों के स्पष्ट भागीदार हो गए हैं। चीजें फिर से पटरी पर आ गई हैं और सही दिशा की ओर बढ़ रही हैं।
 
मुक्केबाजों को भारतीय तिरंगे के तहत भाग लेने की अनुमति दी जाएगी या नहीं और 19 सितंबर से चार अक्तूबर तक होने वाले इन खेलों में डॉक्टर जैसे अधिकारी टीम के साथ जा सकेंगे या नहीं, इस पर विश्व संस्था द्वारा स्पष्टीकरण अभी बाकी है। भारतीय मुक्केबाज राष्ट्रीय महासंघ पर लगे प्रतिबंध के कारण अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में सिर्फ अपने कोचों के साथ ही यात्रा कर रहे हैं।
 
दक्षिण कोरिया के इंचियोन में होने वाले एशियाड के लिए भारतीय मुक्केबाजी टीम में 10 पुरूष और तीन महिलाएं हैं। बॉक्सिंग इंडिया को स्थाई मान्यता की स्वीकृति नवंबर में कोरिया के जेजू आईलैंड में होने वाली एआईबीए कांग्रेस के दौरान मिलने की उम्मीद है। 
 
डेढ़ साल से ज्यादा समय तक उठे गतिरोध के बाद यह सब हुआ है और पिछले हफ्ते उद्योगपति संदीप जाजोदिया की अध्यक्षता वाली नई संस्था ‘बॉक्सिंग इंडिया’ चुनावों में गुप्त मतदान से चार साल के कार्यकाल के लिए चुनी गई। चुनावों में एआईबीए के दो पर्यवेक्षक भी मौजूद थे।
 
जाजोदिया इसमें छत्तीसगढ़ मुक्केबाजी संघ का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। उन्हें निर्विरोध अध्यख, महाराष्ट्र के जय कोहली को महासचिव चुना गया। जजोदिया मोनेट इस्पात ग्रुप के मुख्य प्रबंध निदेशक भी हैं जो 2008 से भारतीय मुक्केबाजी का मुख्य प्रायोजक रहा है। कार्यभार संभालने के बाद बॉक्सिंग इंडिया ने राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के आयोजन की तारीखों की घोषणा की। (भाषा)