गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Bob Hewitt
Written By
Last Modified: प्रिटोरिया , मंगलवार, 19 मई 2015 (19:30 IST)

दुष्कर्म मामले में बॉब हैविट को 6 वर्ष की कैद

दुष्कर्म मामले में बॉब हैविट को 6 वर्ष की कैद - Bob Hewitt
प्रिटोरिया। ऑस्ट्रेलियाई मूल के पूर्व टेनिस ग्रैंड स्लेम चैंपियन बॉब हैविट को 1980 और 90 के दशक में कोचिंग के दौरान लड़कियों के साथ बलात्कार के आरोप में दोषी पाए जाने के बाद दक्षिण अफ्रीका में छह वर्ष की सजा दी गई है। 
 
हालांकि 75 वर्षीय हैविट को वर्ष 2013 में तीन महिलाओं द्वारा लगाए गए बलात्कार के मामले में दोषी नहीं पाया गया है। हैविट ने वर्ष 1960-70 के दशक में अपने टेनिस करियर के दौरान युगल में कई ग्रैंड स्लेम जीते थे तथा 1992 में उन्हें अंतरराष्ट्रीय टेनिस हाल ऑफ फेम में शामिल किया गया था। 
 
हालांकि बलात्कार के आरोपों के बाद वर्ष 2012 में उनका नाम हाल ऑफ फेम से हटा लिया गया था। जज बर्ट बैम ने प्रिटोरिया के उच्च न्यायालय में तीन अन्य मामलों में हैविट को दोषी करार देते हुए छह वर्ष की सजा का ऐलान किया। 
 
बैम ने कहा, यदि हैविट की उम्र इस समय 50 वर्ष होती तो उन्हें इन मामलों में 20 वर्ष कैद की सजा दी जाती। न्यायाधीश ने साथ ही कहा कि पूर्व टेनिस खिलाड़ी अपनी इस स्थिति के लिए खुद ही जिम्मेदार हैं।
 
इससे पहले हैविट की पत्नी डेलाइली ने पूर्व टेनिस खिलाड़ी की उम्र का हवाला देते हुए उन्हें जेल नहीं भेजे जाने की गुहार लगाई। उन्होंने अपील करते हुए कहा, मैंने पहले किसी से भी किसी बात को लेकर अपील नहीं की लेकिन मैं आपसे अपील करती हूं कि मेरे पति को जेल मत भेजिए क्योंकि मैं उनके बिना जिंदा नहीं बच सकती। 
 
हैविट का जन्म ऑस्ट्रेलिया के डुबो में हुआ था लेकिन उन्होंने अपने जीवन का लंबा समय दक्षिण अफ्रीका में ही बिताया। पूर्व ग्रैंड स्लैम चैंपियन कुछ समय अमेरिका में भी रहे थे और वहां भी उन पर बलात्कार के आरोप लगे थे। (वार्ता)