मंगलवार, 16 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Asian Games
Written By
Last Updated :इंचियोन , गुरुवार, 2 अक्टूबर 2014 (19:29 IST)

एशियाड में भारतीय महिला रिले टीम ने जीता सोना

एशियाड में भारतीय महिला रिले टीम ने जीता सोना - Asian Games
इंचियोन। भारत की चार गुणा 400 मीटर महिला टीम ने उम्मीदों पर एक बार फिर खरे उतरते हुए इंचियोन एशियाई खेलों में गुरुवार को नया गेम्स रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया जबकि इंदरजीत सिंह ने पुरुषों की गोला फेंक स्पर्धा में कांस्य पदक जीत लिया।
भारत की प्रियंका पवार, टिंटू लूका, मनदीप कौर और पुवम्मा राजू की चौकड़ी ने तीन मिनट 28.68 सेकंड का समय लेकर चार साल पहले ग्वांगझू में बनाया तीन मिनट 29.02 सेकंड का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा और इस स्‍पर्धा में खिताब बरकरार रखा। 
 
भारत का इन खेलों में एथलेटिक्स में दूसरा और कुल नौवां स्वर्ण पदक है। महिला रिले टीम की स्वर्णिम कामयाबी के बाद इंदरजीत सिंह ने 19.63 मीटर की थ्रो के साथ कांस्य पदक जीत लिया। इंदरजीत ने अपने पांचवें प्रयास में यह थ्रो फेंकी जो उन्हें कांस्य पदक दिला गई। इस स्पर्धा में भारत के ओमप्रकाश सिंह करहाना निराशाजनक रूप से नौवें स्थान पर रहे। 
 
भारत की महिला रिले टीम से स्वर्ण पदक की पूरी उम्मीद थी और भारतीय चौकड़ी ने निराश नहीं किया। चारों भारतीय धाविकाओं ने चौथी लेन में दौड़ते हुए लगातार अपनी बढ़त बनाए रखी और नए रिकॉर्ड के साथ स्वर्णिम कामयाबी हासिल की। जापान की चौकड़ी ने तीन मिनट 30.80 सेकंड का समय लेकर रजत और चीन की चौकड़ी ने तीन मिनट 32.02 सेकंड का समय लेकर कांस्य पदक जीता।
 
यह दिलचस्प रहा कि जिस समय भारतीय रिले टीम ने स्वर्ण पदक जीता, लगभग उसी समय भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पाकिस्तान को पेनल्टी शूटआउट में पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारत को इस तरह कुछ मिनटों के अंतराल में दो स्वर्ण पदक हासिल हो गए। 
 
इंदरजीत ने पुरुषों की गोला फेंक स्पर्धा में अपनी शुरुआत 17.19 मीटर की थ्रो के साथ की। दूसरे और तीसरे प्रयास में वह 18.52 मी. तक गोला फेंक सकें। उनका चौथा प्रयास 18.14 मी. रहा। उस समय तक लग रहा था कि इंदरजीत मुकाबले में पिछड़ चुके हैं लेकिन पांचवें प्रयास में उन्होंने 19.63 मी. गोला फेंका और दूसरे स्थान पर पहुंच गए।
 
लेकिन चीनी ताइपे के हुआंग चांग मिंग ने पांचवें प्रयास में 19.70 मी. गोला फेंककर इंदरजीत को तीसरे स्थान पर ढकेल दिया। सऊदी अरब के सुल्तान अब्दुल मजीद ने 19.99 मी. की थ्रो के साथ स्वर्ण जीता।
 
रिले के इस स्वर्ण और इंदरजीत के कांस्य पदक को छोड़कर एथलेटिक्स की अन्य स्पर्धाओं में भारत का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में तिहरी कूद का कांस्य पदक जीतने वाले अरपिंदर सिंह इस बार 16.41 मीटर की छलांग के साथ पांचवें स्थान पर रहे। इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक चीन के शुआओ काओ ने 17.30 मीटर की छलांग के साथ जीता।
 
महिलाओं की 5000 मी. दौड़ में ओपी जैशा 15 मिनट 18.30 सेकंड का निजी सर्वश्रेष्ठ समय निकालने के बावजूद चौथे स्थान पर रहीं जबकि प्रीजा श्रीधरन 15 मिनट 39.52 सेकंड का समय लेकर आठवें स्थान पर रहीं। बहरीन की जमाल मरियम युसूफ ने इस स्पर्धा का स्वर्ण जीता।
 
महिलाओं की चार गुणा 100 मीटर रिले में श्रद्धा नारायण, आशा राय, श्रबनी नंदा और मंजुनाथ ज्योति की चौकड़ी 44.91 सेकंड का समय लेकर छठे स्थान पर रही। इस स्पर्धा का स्वर्ण चीन की चौकड़ी ने 42.83 सेकंड का नया गेम्स रिकॉर्ड बनाते हुए जीता।
 
पुरुषों की 10 हजार मीटर दौड़ में भारत के राहुल कुमार पाल और सुरेश कुमार कड़ा संघर्ष करने के बावजूद क्रमश: चौथे और पांचवें स्थान पर रहे। राहुल ने 28 मिनट 52.36 सेकंड और सुरेश ने 28 मिनट 58.22 सेकंड का सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत समय निकाला लेकिन दोनों एथलीट कांस्य पदक से दूर रह गए। बहरीन के अल हसन अल अब्बासी ने 28 मिनट 11.20 सेकंड का समय लेकर स्वर्ण जीता।
 
सहाना कुमारीको ऊंची कूद में 1.80 मीटर की ऊंचाई पार करने पर आठवां स्थान मिला जबकि भाला फेंक स्पर्धा में राजेन्दर सिंह 73.43 मीटर की दूरी नापकर 11वें स्थान पर रहे। (वार्ता)