शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Asian Games
Written By
Last Updated :इंचियोन , सोमवार, 22 सितम्बर 2014 (20:13 IST)

एशियाड में भारतीय निशानेबाजों ने जीता एक और कांस्‍य

एशियाड में भारतीय निशानेबाजों ने जीता एक और कांस्‍य - Asian Games
इंचियोन। सौरव घोषाल और दीपिका पल्‍लीकल ने स्क्वॉश कोर्ट पर सोमवार को इतिहास रचा जबकि निशानेबाजों ने पदक जीतने का अभियान जारी रखा जिससे भारत 17वें एशियाई खेलों के तीसरे दिन आज दो कांस्य पदक अपने खाते में जोड़ने में सफल रहा। 
घोषाल स्क्वॉश के पुरुष एकल के फाइनल में पहुंचने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने और इस तरह से उन्होंने कम से कम रजत पदक पक्का किया। पल्लीकल सेमीफाइनल में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी निकोल डेविड से हार गईं लेकिन वह एशियाड में कांस्य पदक जीतने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनीं। 
 
निशानेबाजी रेंज में भी भारतीय दल ने पदक बटोरने का क्रम जारी रखा। महिलाओं की पिस्टल टीम राही सरनोबत, अनिसा सय्यद और हिना सिद्धू ने 25 मीटर की टीम स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया। महिला पिस्टल टीम तथा घोषाल और पल्लीकल ने जहां अच्छा प्रदर्शन किया वहीं अन्य खेलों में भारतीयों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। पुरुष फुटबॉल टीम और टेनिस टीम अपनी प्रतियोगिताओं से बाहर हो गई। 
 
भारत दो पदक जीतने से अब कुल पदक तालिका में 13वें स्थान पर आ गया है। उसके खाते में एक स्वर्ण और पांच कांस्य पदक हैं। चीन 17 स्वर्ण सहित 41 पदक लेकर शीर्ष पर बना हुआ है। उसके बाद दक्षिण कोरिया (13 स्वर्ण सहित 15 पदक) और जापान (सात स्वर्ण सहित 28 पदक) का नंबर आता है। 
 
भारत को स्क्वॉश कोर्ट से अच्छी खबर मिली। घोषाल ने दो बार के पूर्व चैंपियन और शीर्ष दस खिलाड़ियों में शामिल मलेशिया के ओंग बेंग ही को केवल 45 मिनट में 11-9, 11-4, 11-5 से हराया और इस तरह से स्क्वॉश के फाइनल में पहुंचने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने। घोषाल कल फाइनल में विश्व के 46वें नंबर के कुवैती खिलाड़ी अब्दुल्लाह अल मुजायेन से भिड़ेंगे जिन्होंने सेमीफाइनल में हांगकांग के मैक्स ली को 3-2 से पराजित किया। 
 
इससे पहले दुनिया की 12वें नंबर की खिलाड़ी पल्लीकल को दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी निकोल डेविड के हाथों पराजय के बाद कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा। भारत की 23 वर्षीय दीपिका को डेविड ने 25 मिनट के भीतर 4-11, 4-11, 5-11 से हराया। हिना (572), अनिसा (577) और राही (580) ने कुल 1729 का स्कोर करके तीसरा स्थान हासिल किया। भारतीय टीम रजत पदक विजेता चीन से 18 अंक पीछे रही जिसने 1747 स्कोर करके रजत पदक जीता जबकि मेजबान दक्षिण कोरिया ने 1748 अंक के साथ स्वर्ण अपने नाम किया।
 
वहीं दस मीटर एयर राइफल टीम में भारत को निराशा हाथ लगी जब अयोनिका पाल, अपूर्वी चंदेला और राज चौधरी की तिकड़ी छठे स्थान पर रही। अयोनिका ने फाइनल में प्रवेश किया लेकिन 12वें शॉट के बाद 101.9 के स्कोर के साथ बाहर हो गईं। भारतीय फुटबॉल टीम अपना बेहतर प्रदर्शन के बावजूद अपने से बेहतर जोर्डन से 0-2 से हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गई। 
 
भारतीय महिला हॉकी टीम ने हालांकि थाईलैंड को पूल ए के मैच में 3-0 से हराकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। भारत की तरफ से पूनम रानी (15वें मिनट), वंदना कटारिया (39वें मिनट) और दीपिका (53वें मिनट) ने गोल किए। टेनिस में हालांकि पुरुष और महिला टेनिस टीमें अपने अपने क्वार्टर फाइनल मैच में कजाखस्तान से हारने के कारण पदक की दौड़ से बाहर हो गईं। 
 
भारत की दोनों टीमें कजाखस्तान से समान 1-2 के अंतर से हारी। पुरुष वर्ग में सनम सिंह को अलेक्सांद्र नेदोवयेसोव से 6-7, 6-7 से और युकी भांबरी को मिखाइल कुकुशकिन से 2-6, 7-6, 1-6 से हार का सामना करना पड़ा। साकेत मयनेनी और दिविज शरण ने युगल मैच जीतकर भारत को व्हाइटवाश से बचाया। 
 
भारतीय बास्केटबॉल टीम ने हालांकि ने पिछले मैच में सउदी अरब से मिली हार से सबक लेकर आखिरी क्वालीफायर मैच में कजाखस्तान को 80-61 से हराकर ग्रुप बी में शीर्ष पर रहते हुए अगले दौर में प्रवेश किया। जूडो में राजविंदर कौर का रेपाशेज के आखिरी दौर में किर्गीस्तान की नागिरा सर्बाशोवा के हाथों हार के साथ ही भारत का निराशाजनक अभियान समाप्त हो गया। 
 
भारत ने दो महीने पहले ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में जूडो में छह पदक जीते थे लेकिन एशियाई खेलों से चारों भारतीय जुडोका राजविंदर, लिखमबाम सुशीला देवी, थोडम कल्पना देवी और पुरुष वर्ग में नवजोत चाना पोडियम तक नहीं पहुंच पाए। भारतीय महिला वॉलीबाल टीम को ग्रुप ए के अपने दूसरे मैच में जापान से 0-3 से हार का सामना करना पड़ा। 
 
भारतीय महिला रोइंग टीम भी लाइटवेट क्वाडरपल स्कल्स के रेपाशेज दौर में आखिरी स्थान पर रहकर बाहर हो गई। साइकलिंग में भारतीयों का निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा तथा अमरजीत सिंह नागी और अमृत सिंह पुरुषों के स्प्रिंट क्वालीफाइंग में क्रमश: 13वें और 14वें स्थान पर रहे। भारतीय तैराकों को भी तरणताल में जूझना पड़ा। प्राथपन नायर पुरुषों के 50 मीटर बैकस्ट्रोक के फाइनल के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाए। (भाषा)