शुक्रवार, 19 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. अन्य खेल
  3. समाचार
  4. Asian Games
Written By
Last Updated :इंचियोन , रविवार, 21 सितम्बर 2014 (18:42 IST)

भारतीय हॉकी टीम ने श्रीलंका को 8-0 से हराया

भारतीय हॉकी टीम ने श्रीलंका को 8-0 से हराया - Asian Games
इंचियोन। ड्रैग फ्लिकर रूपिंदर पाल सिंह की हैट्रिक के दम पर भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पूल बी में श्रीलंका जैसे कमजोर प्रतिद्वंद्वी को 8-0 से हराकर एशियाई खेलों में जीत के साथ आगाज किया।
 
चार साल पहले ग्वांग्झू में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम एशियाई खेलों में 16 साल बाद पीला तमगा जीतने के इरादे से उतरी है। चार क्वार्टर के नए प्रारूप में खेली जा रही स्पर्धा में भारतीयों ने पहले क्वार्टर में तीन, दूसरे में दो, तीसरे में एक और चौथे में दो गोल दागे।
 
भारत के लिए रूपिंदर ने तीन (12वां, 45वां और 46वां मिनट), रमनदीप सिंह (28वां और 59वां) ने दो जबकि निकिन थिमैया (छठा मिनट), वीआर रघुनाथ (13वां मिनट) और चिंग्लेनसाना सिंह (21वां मिनट) ने एक-एक गोल दागे।
 
पिछले महीने ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों में रजत जीतने के बाद आत्मविश्वास से ओतप्रोत भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही और छठे ही मिनट में थिमैया ने पहला गोल दाग दिया। सर्कल के बाहर अनुभवी दानिश मुज्तबा से मिले पास पर उन्होंने यह गोल किया और श्रीलंकाई गोलकीपर एचटी कुमारा बगलें झांकते रह गए। 
 
भारत का दूसरा गोल पेनल्टी स्ट्रोक पर 12वें मिनट में रूपिंदर ने दागा। पेनल्टी कार्नर लेते समय बाधा पहुंचाए जाने पर अंपायर ने पेनल्टी स्ट्रोक देने का फैसला किया जिस पर गोल करने में रूपिंदर ने कोई चूक नहीं की। इसके एक मिनट बाद भारत को मिले एक और पेनल्टी कार्नर को रघुनाथ ने गोल में बदला। 
 
पहले क्वार्टर के अंत तक स्कोर 3-0 था। दूसरे क्वार्टर में भारत के दोनों गोल मैदानी रहे। पहले दानिश और एसवी सुनील के मूव को चिंग्लेनसाना ने अंजाम तक पहुंचाया जबकि रमनदीप ने अपना पहला गोल दूसरा क्वार्टर खत्म होने से दो मिनट पहले दागा।
 
पांच गोल से बढ़त बनाने के बाद भारतीय टीम तीसरे क्वार्टर में सुस्त पड़ती दिखी। इस 15 मिनट में सिर्फ एक गोल हो सका जो आखिरी मिनट पर मिले पेनल्टी कार्नर पर रूपिंदर ने ही किया।
 
आखिरी क्वार्टर के पहले ही मिनट में रूपिंदर ने पेनल्टी कार्नर को गोल में बदलकर हैट्रिक पूरी की। वहीं रमनदीप ने हूटर से एक मिनट पहले अपना दूसरा गोल करके भारत की 8-0 से जीत तय कर दी। (भाषा)