शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. क्रिकेट
  3. समाचार
  4. भारत-इंग्‍लैंड के दूसरे वनडे मैच के हाईलाइट्स
Written By WD

भारत-इंग्‍लैंड के दूसरे वनडे मैच के हाईलाइट्स

उप-महाद्वीप के बाहर सुरेश रैना का पहला शतक

India in England odi Series - 2nd odi | भारत-इंग्‍लैंड के दूसरे वनडे मैच के हाईलाइट्स
कार्डिफ। भारत ने टेस्ट मैचों की करारी हार को भूलते हुए आज इंग्लैड को दूसरे एक दिवसीय मैच में 133 रनों से शर्मनाक हार का दंश झेलने को मजबूर किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 304 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया और बाद में इंग्लैंड को 38.1 ओवर में 161 रनों पर ही ढेर कर दिया। रवीन्द्र जडेजा ने 4 विकेट झटके। अश्विन और मोहम्मद शमी 22 विकेट लेने में सफल रहे। भारत की जीत में सुरेश रैना के शतक और महेन्द्र सिंह धोनी के अर्धशतक ने महती भूमिका अदा की।

बारिश के कारण अंपायरों ने डकवर्थ-लुईस नियम के तहत इंग्लैंड को 45 ओवर में जीत के लिए 295 रनों का लक्ष्य दिया है।
FILE

मोहम्मद शमी ने 11वें ओवर में इंग्लैंड के दो सूरमा बल्लेबाजों को पैवेलियन भेजा। ओवर की तीसरी गेंद पर पहले उन्होंने कप्तान एलेस्टियर कुक (19) को पगबाधा आउट किया और फिर इयान बेल को एक रन पर बोल्ड कर दिया।

मोहम्मद शमी के झटकों से इंग्लैंड उबर भी नहीं पाया था कि भूवनेश्वर कुमार ने उसके धाकड़ बल्लेबाज जो रूट के डंडे बिखेर दिए। रूट केवल 4 रन ही बना पाए। इस तरह इंग्लैड का तीसरा विकेट 63 रन (13.4) पर गिरा।

इसके बाद अब बारी रवीन्द्र जड़ेजा की थी। उन्होंने अपनी स्पिन के जाल में इंग्लैंड के दो बल्लेबाजों को फंसाया। जड़ेजा ने पहले एलेक्स हेल्स (40) को अश्विन के हाथों कैच करवाया और फिर बटलर को (2) विराट कोहली के हाथों कैच करवाकर इंग्लैंड का पांचवां विकेट झटका।

इंग्लैंड का पतझड़ जारी है... उसने छठा विकेट इयान मॉर्गन का गंवाया। अश्विन ने मॉर्गन को शमी के हाथों कैच आउट करवाया। इसके बाद स्ट्रोक्स (23) रवीन्द्र जडेजा के शिकार बने। सीमा रेखा पर उनका कैच सुरेश रैना ने लपका।

धोनी ने चतुराई भरा निर्णय लिया और गेंद सुरेश रैना के हाथों में थमाई। रैना ने जॉर्डन को खाता खोलने के पूर्व ही पगबाधा आउट कर दिया। इस तरह इंग्लैंड 128 रनों के कुल स्कोर (32.2 ओवर) में आठ विकेट खो चुका था।

रवीन्द्र जडेजा ने अपनी स्पिन के जाल में इंग्लैंड के अनुभवहीन वोक्स का विकेट भी झपटा। वॉक्स को 20 रन के निजी स्कोर पर धोनी ने स्टंम्पिंग आउट किया। इंग्लैंड 35.3 ओवर में 143 रन पर 9 विकेट गंवा चुका था।

इंग्लैंड का 10वां और अंतिम विकेट ट्रेडवेल (11) के रूप में आउट हुआ। अश्विन की गेंद पर जडेजा ने लपका। इस तरह इंग्लैंड की टीम 38.1 ओवर में 161 रनों पर ढेर हो गई। भारत की तरफ से रवीन्द्र जडेजा ने 4, अश्विन और शमी ने 2-2 और भुवनेश्वर कुमार व सुरेश रैना 1-1 विकेट लेने में सफल रहे।

आज सुरेश रैना का दिन था और उन्होंने 35 से 40 ओवर के बीच इंग्लिश गेंदबाजों की जो धुनाई की, वह देखते बनती थी। रैना ने 12 चौकों और 3 छक्कों की मदद से वनडे करियर का चौथा शतक पूरा किया। उपमहाद्वीप के बाहर रैना का यह पहला शतक है।

शतक लगाने के बाद सुरेश रैना वॉक्स के ओवर में छक्का लगाने के प्रयास में सीमा रेखा पर तैनात एंडरसन के हाथों लपके गए। रैना और धोनी के बीच 101 गेंदों में पांचवें विकेट के लिए 144 रनों की कीमती भागीदारी निभाई गई।

भारत ने छठा विकेट कप्तान धोनी का 288 रनों के कुल स्कोर पर गंवाया। धोनी ने क्रिस वॉक्स की गेंद पर बोल्ड होने के पहले 51 गेंदों पर 52 रन बनाए।

पांच वनडे क्रिकेट मैचों की सीरीज़ के दूसरे मैच में इंग्लैंड के कप्तान एलेस्टियर कुक ने सिक्के की उछाल में बाज़ी मारी और भारतीय टीम को पहले बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया और उनके गेंदबाजों ने इस फैसले को सही साबित करते हुए भारतीय पारी की शुरुआत खराब कर दी।

रोहित शर्मा (52) और अजिंक्य रहाणे की साझेदारी ने भारतीय टीम को मुश्किल से निकाला और सुरेश रैना की तेज़ पारी ने रनगति बढ़ाकर टीम इंडिया को दबाव में नहीं आने दिया।

FILE


भारत के लिए शिखर धवन और रोहित शर्मा की जोड़ी ने पारी का आगाज़ किया। भारत के लिए बल्ले से पहला रन तीसरे ओवर की अंतिम गेंद पर बना। शुरुआती ओवरों में भारतीय बल्लेबाजों ने स्विंग हो रही गेंद को ध्यान से खेला, लेकिन इस दौरान वे बीट भी हुए।

पारी के आठवें ओवर में क्रिस वोक्स ने इंग्लैंड को पहली सफलता दिलवाई। धवन को 11 रनों के निजी स्कोर पर बटलर के हाथों कैच करवाकर वोक्स ने भारत को पहला झटका दिया। इसके दो गेंदों के बाद विराट कोहली की जल्दबाजी का फायदा उठाकर वोक्स ने उन्हें अपने कप्तान कुक के हाथों कैच करवा दिया। कोहली आगे निकलकर मिड ऑफ के ऊपर से शॉट लगाने के प्रयास में कुक को कैच दे बैठे। कोहली अपना खाता भी नहीं खोल पाए।

आठवें ओवर में ही भारत का स्कोर 19/2 था। रोहित शर्मा ने अजिंक्य रहाणे के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 16.1 ओवर में 91 रनों की साझेदारी निभाई। रहाणे के आउट होने से यह साझेदारी टूटी। रहाणे ने 41 रनों की पारी खेली और वे ट्रेडवेल की गेंद पर स्टम्प आउट हुए।

रहाणे के आउट होने के बाद रोहित शर्मा ने अपना अर्धशतक पूरा किया। 30वें ओवर की पहली गेंद पर रोहित ट्रेडवेल की गेंद पर छक्का लगाने के प्रयास में लॉन्गलेग पर कैच आउट हुए। रोहित ने 87 गेंदों पर 52 रन बनाए, जिसमें चार चौके और एक छक्का शामिल रहा। इस विकेट के साथ ही भारत का स्कोर 129/4 हो गया।

इसके बाद सुरेश रैना ने जिम्मेदारी संभाली और देखते ही देखते अपना अर्धशतक पूरा किया। रैना ने केवल 49 गेंदों पर छह चौकों और एक छक्के की मदद से अपना अर्धशतक लगाया। रैना ने रनगति बढ़ाई और धोनी के साथ मिलकर साझेदारी बनाई।

सुरेश रैना और महेन्द्र सिंह धोनी के बीच पांचवें विकेट के लिए अभी तक 80 गेंदों में 102 रनों की भागीदारी निभाई जा चुकी है। रैना अंग्रेज गेंदबाजों पर कहर बनकर टूट पड़े

इससे पहले इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी के लिए कहा। इंग्लैंड के कप्तान कुक ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने के फैसले का कारण बताते हुए कहा कि खेल के बाद के हिस्से में बारिश हो सकती है, जिसके कारण यह फैसला लिया गया। भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भी टॉस के बाद कहा कि अगर वे टॉस जीतते तो पहले गेंदबाजी करना ही पसंद करते।

मैच का ताज़ा स्कोर जानने के लिए यहां क्लिक करें



भारतीय टीम इस प्रकार है : महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, सुरेश रैना, रवींद्र जड़ेजा, आर अश्विन, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद शमी, मोहित शर्मा।