बॉलीवुड सुपर स्टार शाहरुख खान ने अपनी टीम कोलकाता नाइटराइडर्स के इंडियन प्रीमियर लीग का खिताब जीतने के बाद पिछले हफ्ते मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में अपने बर्ताव के लिए माफी मांगी। 16 मई को मुंबई के वानखेडे स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मैच के बाद शाहरुख और सुरक्षा गार्ड के बीच तीखी झड़प हुई थी।
FILE
शाहरुख ने कहा कि जो कुछ भी हुआ, उसका उन्हें अफसोस है और वे बच्चों से, दर्शकों से, क्रिकेट प्रेमियों से और सभी उनके फैन्स से इसके लिए माफी मांगते हैं। शाहरुख ने कहा कि उन्हें इस तरह बर्ताव नहीं करना चाहिए था, जैसा उन्होंने किया।
इस घटना के बाद मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने शाहरुख खान पर वानखेडे में प्रवेश करने पर पांच साल का प्रतिबंध लगा दिया था।
अपनी टीम की खिताबी जीत के बाद शाहरुख ने कहा कि मैं एमसीए (स्टेडियम) में अपने बर्ताव पर माफी मांगना चाहता हूं आप सभी फैन्स मुझे माफ कर देंगे, क्योंकि आज हम जीते हैं। (वेबदुनिया न्यूज़)