समाचार | क्रिकेट स्कोरकार्ड | क्रिकेट | आईपीएल 2012 | सचिन | क्रिकेट टिकर | वर्तमान/पिछली श्रृंखलाएँ | खिलाड़ी परिचय | विश्वकप 2011 | टी 20 वर्ल्ड कप 2012
मुख पृष्ठ » खेल-संसार » क्रिकेट » समाचार » टीम इंडिया का ऐलान, सहवाग बाहर....
FILE
नई दिल्ली। खराब फार्म से जूझ रहे सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग को आखिरकार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे और चौथे क्रिकेट टेस्ट के लिए भारतीय टीम से बाहर कर दिया गया।

चयनकर्ताओं ने सहवाग का विकल्प नहीं चुनने का फैसला किया जिससे टीम 14 खिलाड़ियों की रह गई है। सहवाग ने पिछली तीन पारियों में सिर्फ 27 रन बनाये।

वहीं लय हासिल करने को जूझ रहे ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह को टीम में बरकरार रखा गया है। बीसीसीआई सचिव संजय जगदाले ने आज टीम की घोषणा की।

चौतीस बरस के सहवाग को बाहर करने के अलावा टीम में कोई और बदलाव नहीं किया गया है। अगले दो टेस्ट मोहाली (14 मार्च से) और दिल्ली (22 मार्च से) में होने हैं। भारत चार टेस्ट की श्रृंखला में 2-0 से आगे है।

सहवाग से पहले उनके सलामी जोड़ीदार गौतम गंभीर को भी खराब फार्म के कारण बाहर किया जा चुका है। गंभीर और सहवाग 2004 से भारत के लिए पारी की शुरुआत कर रहे हैं जिन्होंने 87 पारियों में 4412 रन बनाये हैं। वह सर्वाधिक रन बनाने वाली सलामी जोड़ी की सूची में पांचवें स्थान पर हैं।

सहवाग की गैर मौजूदगी में शिखर धवन को मुरली विजय के साथ पारी की शुरुआत का मौका मिल सकता है। विजय ने हैदराबाद टेस्ट में शतक जमाया जिसमें भारत ने एक पारी और 135 रन से जीत दर्ज की।

पहले दो टेस्ट में शानदार जीत के बावजूद सहवाग और विजय की सलामी जोड़ी सिर्फ 11, 16 और 17 रन बना सकी। अजिंक्य रहाणे भी टीम में शामिल सलामी बल्लेबाज हैं लेकिन मुख्य चयनकर्ता संदीप पाटिल पहले ही संकेत दे चुके हैं कि उन्हें मध्यक्रम के बल्लेबाज के तौर पर चुना गया है।

पिछले साल नवंबर दिसंबर में इंग्लैंड के खिलाफ अहमदाबाद टेस्ट में शतक जमाने के बाद से सहवाग लगातार पांच टेस्ट में नाकाम रहे हैं।

न्यूजीलैंड के खिलाफ वह दो टेस्ट में अर्धशतक भी नहीं बना सके। भारतीय टीम के ऑस्ट्रेलिया दौरे पर आठ पारियों में उन्होंने 198 रन बनाए।

सहवाग के अलावा किसी बल्लेबाज को बाहर नहीं किया गया है। पहले दो टेस्ट में सभी ने कमोबेश अच्छा प्रदर्शन किया।

चेतेश्वर पुजारा ने हैदराबाद में दोहरा शतक जमाया जबकि विराट कोहली ने चेन्नई टेस्ट में शतक जमाया था।

गेंदबाजों में स्पिनर आर अश्विन अब तक 18 विकेट ले चुके हैं जबकि हरभजन ने सिर्फ पांच विकेट चटकाये हैं। हरभजन का बाहर नहीं होना तभी तय हो गया था जब कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कहा था कि मैच दर मैच उनके प्रदर्शन में सुधार आ रहा है।

टीम : महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), सचिन तेंदुलकर, मुरली विजय, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, विराट कोहली, रविंद्र जडेजा, शिखर धवन, आर अश्विन, अशोक डिंडा, हरभजन सिंह, भुवनेश्वर कुमार, प्रज्ञान ओझा, ईशांत शर्मा। (भाषा)
संबंधित जानकारी
Feedback Print