गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. धर्म-संसार
  2. सिंहस्थ 2016
  3. समाचार
  4. Public facilities In Simhastha
Written By WD

सिंहस्थ में श्रद्धालुओं को मिलेगी सभी जनसुविधाएं

सिंहस्थ में श्रद्धालुओं को मिलेगी सभी जनसुविधाएं - Public facilities In Simhastha
सिंहस्थ 2016 में आने वाले श्रद्धालुओं को सभी जनसुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी जिससे वह बिना किसी दिक्कत के आसानी से जरूरत पड़ने पर उसका उपयोग कर सकें।


विशेष जनसुविधाएं 
•हेल्प सेंटर – सिंहस्थ मेला क्षेत्र में 106 हेल्प सेंटर रहेगें। हेल्प सेंटर से श्रद्धालु सिंहस्थ के संबंध में कोई भी सूचना प्राप्त कर सकता है। इसके साथ ही जरूरत के लिए भी सूचना प्राप्त कर सकेगा। यहां पानी, बिजली, दूध आदि की आपूर्ति के संबंध में शिकायतें भी दर्ज की जा सकेगी और उनका निराकरण भी किया जाएगा। 
•काल सेंटर  सिंहस्थ संबंधी किसी भी जानकारी के लिए कॉल सेंटर शुरू हो चुका है। सिंहस्थ तक कॉल सेंटर की 25 लाईनें एक साथ कार्य करेंगी। इसका नंबर 1100 है। जो किसी भी लैंडलाईन या मोबाईल से लगाया जा सकता है। 
•खोया-पाया केन्द्र – सिंहस्थ में 51 खोया-पाया केन्द्र स्थापित किए जाएंगे। यह केन्द्र गुमशुदगी की स्थिति में मदद करेंगे। इसके साथ ही संबंधित परिजनों को सूचना से लेकर अन्य आवश्यक मदद मुहैया कराएंगे।  

•मेडिकल सुविधा – सिंहस्थ मेला क्षेत्र में सुसज्जित चिकित्सालयों की नि:शुल्क व्यवस्था रहेंगी। पूरे क्षेत्र में छ: अस्पताल 20-20 बिस्तरी सुविधा के एवं 23 अस्पताल 6-6 बिस्तरी सुविधा के स्थापित किए जाएंगे। सिंहस्थ क्षेत्र में 5 मोबाईल स्वास्थ्य ईकाइयां भी काम करेंगी। हर घाट पर दो-दो व्यक्तियों का 1-1 दल भी तैनात रहेगा। सिंहस्थ क्षेत्र में चिन्हाकिंत स्थानों पर एंबुलेन्स भी तैनात रहेगी। इनमें कार्डियेक एंबुलेन्स व्यवस्था भी सम्मिलित है। हृदय की बीमारी संबंधी किसी भी आकस्मिक स्थिति में मरीज के लिए कार्डियेक एंबुलेन्स अत्यंत  उपयोगी होती है। 

•शीतल जल के लिए प्याऊ – सिंहस्थ मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध एवं शीतल जल की व्यवस्था रहेगी। पूरे मेला क्षेत्र में एक हजार प्याऊ लगाए जाएंगे। प्याऊ यूवी सुविधा के होगें यानी इनके द्वारा रोगाणु रहित जल उपलब्ध कराया जाएगा। 
•मॉस ट्रान्सपोर्ट – उज्जैन आने वाले सिंहस्थ श्रद्धालुओं एवं यात्रियों के लिए मॉस ट्रान्सपोर्ट व्यवस्था के तहत आन्तरिक यातायात के लिए 1050 टाटा मैजिक और 377 सिटी बस व्यवस्था रहेगी। इनके लिए 28 मार्ग चिन्हाकिंत किए गए हैं। इनमें 21 मार्ग टाटा मैजिक के लिए और 7 मार्ग सिटी बसों के लिए रहेंगे। जिन स्थानों पर जाकर मैजिक व बस रूक जाएंगी। उस अन्तिम स्थान से आगे सिंहस्थ क्षेत्र में जाने हेतु ई-रिक्शा की व्यवस्था भी रहेगी। 
•बैकिंग सुविधाएं – सिंहस्थ के दौरान विभिन्न बैंकों द्वारा लेन-देन व अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगीं। बैक विशेष सिंहस्थ कार्ड जारी करेंगे। यात्री इस व्यवस्था के जरिये केश लेस होकर सिंहस्थ क्षेत्र में घूम सकेंगे। सिंहस्थ कार्ड से यात्री दुकानों से सामान क्रय कर सकेंगे। उन्हें जैब में केश लेकर घूमने की आवश्यकता नहीं होगी। बैकें सिंहस्थ मेला क्षेत्र में एटीएम सुविधा उपलब्ध कराएगी। पूरे मेला क्षेत्र में लगभग 50 एटीएम लगाने की योजना है। बैंक यात्रियों को विदेशी मुद्रा विनिमय सुविधा उपलब्ध कराएगी। एक अन्य महत्वपूर्ण सुविधा क्वाईन डिस्पेन्सर की होगी। यहां कोई भी व्यक्ति चिल्लर प्राप्त कर सकेगा। 
 

•स्वाइप मशीन – सिंहस्थ मेला क्षेत्र में कार्ड के द्वारा भुगतान के लिए स्वाइप मशीनों की व्यवस्था की जाएंगी।  पांच से लेकर 10 हजार मशीन विभिन्न दुकानों और अन्य स्थानों पर होगी। व्यक्ति अपनी खरीदी का भुगतान एटीएम या अन्य किसी कार्ड से मशीन स्वेप के द्वारा कर सकेगा। 


•सिंहस्थ मोबाईल एप – सिंहस्थ के दौरान यात्रियों के लिए मोबाईल एप सुविधा का कार्य करेगा। इस एप पर सम्पूर्ण मेला क्षेत्र की प्रतिदीन की प्रतिसप्ताह की और पूरे माह की गतिविधियां दर्शाई जाएंगी। इससे श्रद्धालु अपने मनचाहे स्थान पर जाकर प्रवचनों व अन्य धार्मिक गतिविधियों में शामिल हो सकेगा।  
•वेबसाईट – सिंहस्थ के लिए तैयार की गई वेबसाईट www.simhasthaujjain.in किसी भी व्यक्ति के लिए सिंहस्थ संबंधी जानकारी प्राप्त करने का अच्छा जरिया है। वेबसाईट पर शासकीय विभागों द्वारा सिंहस्थ में किए जा रहे कार्य अमले की तैनाती जोन सेक्टर से लेकर तमाम जानकारियां उपलब्ध है। वेबसाईट निरंतर अपडेट की जा रही है। 
 

•मोबाईल चार्जिंग पाइन्ट – सिंहस्थ क्षेत्र में मोबाईल चार्ज के लिए पाइन्ट की सुविधा रहेगी। इसके लिए निश्चित दूरी पर पाइन्ट बनाए जाएंगे। 
•वाईफाई सुविधा – सिंहस्थ के दौरान विभिन्न मोबाईल नेटवर्क प्रदाता कंपनियों द्वारा वाईफाई की सुविधा सिंहस्थ क्षेत्र में उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए लगभग 150 हॉट स्पाट रहेगें। वाईफाई द्वारा 3जी एवं 4जी दोनों प्रकार की सुविधा मुहैया कराई जाएंगी। रिलायंस कंपनी द्वारा सिंहस्थ क्षेत्र में 40 स्थानों पर नि:शुल्क वाईफाई सुविधा देने का प्रस्ताव दिया गया है। 
•सांची पार्लर – सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं एवं यात्रियों को शुद्ध दुध एवं दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। पूरे क्षेत्र में सांची के 106 पार्लर स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही 4 मोबाईल यूनिट भी घूम-घूम कर दुग्ध एवं दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराएंगी। सांची पार्लरों से दूध के अलावा दही, घी, मावा, मक्खन, छाछ, मठ्ठा, पनीर एवं पेड़ा विक्रय किए जाएंगे।
•गाइड - सिंहस्थ मेला क्षेत्र में यात्री को जानकारी देने के लिए स्थान-स्थान पर गाईड भी रहेंगे। एनएसएस, स्काउट के विद्यार्थियों को इसके लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है। इनके साथ ही अशासकीय संस्थाओं के कार्यकर्ता भी श्रद्धालुओं के लिए गाइड का कार्य करेंगे।
•रेल्वे पूछताछ केन्द्र – सिंहस्थ मेला क्षेत्र में रेल्वे द्वारा भी अपने पूछताछ केन्द्र बनाए जाएंगे। रेल्वे संबंधी कोई भी जानकारी इन पूछताछ केन्द्रों से ली जा सकेगी। रेल्वे द्वारा महाकाल झोन, दत्त अखाड़ा, मंगलनाथ क्षेत्र में एक-एक पूछताछ केन्द्र बनाए जाएंगे। 
•बीमा – सिंहस्थ क्षेत्र में आने वाला व्यक्ति स्वत: बीमित हो जाएगा। दो लाख रूपए का दुर्घटना बीमा रहेगा।