मुख पृष्ठ > सामयिक > बीबीसी हिंदी > बीबीसी समाचार > अभिषेक बनेंगे 'विजय दीनानाथ चौहान'
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजिएयह पेज प्रिंट करें
 
अभिषेक बनेंगे 'विजय दीनानाथ चौहान'
फिल्म 'अग्निपथ' में अमिताभ बच्चन ने अपने शानदार अभिनय से लोगों का दिल जीत लिया था। अब बारी बेटे अभिषेक की है। वैसे तो अमिताभ और अभिषे‍क बच्चन एक साथ कई फिल्मों में काम कर चुके हैं।

BBC
यहाँ तक कि फिल्म 'पा' में अभिषेक, अमिताभ के पापा बनकर आ रहे हैं, लेकिन अब जो जूनियर बी करने जा रहे हैं, वह उनके लिए किसी सपने से कम नहीं है। दरअसल, अब पापा के संवाद बेटा भी बोलता नजर आएगा।

ख़बर है कि करण जौहर बिग बी की मशहूर फिल्म 'अग्निपथ' का रीमेक बनाने जा रहे हैं। हालाँकि इस फिल्म के लिए करण की पहली पसंद ऋतिक रोशन थे। बिग बी के स्टाइल को टक्कर देने की काबिलियत उन्हें ऋतिक में ही नजर आई थी, मगर ऋतिक खुद इस किरदार को लेकर असमंजस में थे। यही वजह है कि उन्होंने यह किरदार निभाने से इनकार कर दिया।

उसके बाद सामने आया वह शख्स जो अमिताभ बच्चन के सबसे करीब था, जो बिग बी के हर मूड, हर स्टाइल से वाकिफ था। इस तरह करण जौहर ने बेटे अभिषेक को उनकी जिंदगी का सबसे चुनौतीभरा किरदार करने का प्रस्‍ताव दिया।

विजय दीनानाथ चौहान के ऐतिहासिक किरदार में जब अभिषेक बच्चन पर्दे नजर आएँगे तो नजारा वाकई देखने वाला होगा, लेकिन देखने वाली बात यह होगी कि क्या बेटा अपने पिता के उस किरदार के साथ इंसाफ कर पाएगा।

पापा की शरण में : सोनम कपूर की खूबसूरती की चर्चा हर तरफ भले ही हो, लेकिन बॉलीवुड में उन्हें सफलता का स्वाद चखने को अब तक नहीं मिला है। इसके पीछे मुख्य वजह शायद उनका इस पेशे को ठीक से न समझ पाना हो सकता है।

BBC
अब कहा जा रहा है कि सोनम अपने काम में अपने हैंडसम पापा अनिल कपूर की मदद लेंगी। बॉक्स ऑफिस पर अपनी दो फिल्में 'सांवरिया' और 'दिल्ली 6' के पिटने के बाद सोनम ने अपने हर प्रोजेक्ट में पापा से सलाह लेने का फैसला किया है।

यह भी कहा जा रहा है कि अब अनिल खुद हर उस प्रोजेक्ट की जाँच-पड़ताल कर रहे हैं, जिसमें सोनम को काम करना होता है। जैसे बजट, स्क्रिप्ट, प्रमोशन, सह कलाकार आदि। वैसे सोनम इस वक्त पापा के प्रोडक्शन आयशा के साथ-साथ 'कम ऑन पप्पू' पर काम कर रही हैं।

विशाल-ऋतिक साथ-साथ : सुनने में आया है कि ऋतिक रोशन और विशाल भारद्वाज जल्द ही एक साथ काम करेंगे। वैसे यह बात साल 2007 से चल रही थी, लेकिन अब दोनों ने एक साथ काम करने का फैसला कर लिया है।

कहा जा रहा है कि यह एक भावना प्रधान फिल्म होगी, जिसमें ऋतिक के साथ दो हीरोइनें होंगी। विशाल भारद्वाज शुरुआत से ही लीक से हटकर फिल्में बनाने के लिए मशहूर हैं।

वैसे ऋतिक ने अपने प्रोडक्शन हाउस के अलावा बाहर की फिल्में साइन करना शुरू कर दी हैं। इसमें उन्होंने संजय लीला भंसाली की 'गुजारिश' में काम करने को सहमति दी है।
संबंधित जानकारी खोजें
और भी
माइकल जैक्सन: उतार और चढ़ाव
माइकल जैक्सन को श्रद्धांजलि
मोबाइल पर मिलेगा तूफान का अलर्ट
'स्त्री का शक्तिशाली रूप कायम रहना चाहिए'
संघर्ष वाले क्षेत्रों में रेड क्रॉस का अध्ययन
भारत-पाक संबंधों के जाल में फँसे मछुआरे