फिल्म जन्नत में इमरान हाशमी ने एक सट्टेबाज की भूमिका की है। फिल्म में एक जगह उनका चरित्र कहता है- देखिए सर, क्रिकेटर और वेश्याओं के बीच ज्यादा फर्क नहीं होता। दोनों की जवानी खत्म तो कहानी खत्म।
इस पर बिंदास महेश भट्ट कहते हैं- जी हाँ, जन्नत में ठीक यही संवाद है, लेकिन इसमें गलत क्या है। अगर आप इस बारे में सोचें तो हम सभी वेश्या ही तो हैं। कम से कम ये अपना वादा तो पूरा करती हैं। मैं भी वेश्याओं से अलग नही हूँ। मैं भी आनंद बेचता हूँ। और हाँ मैं तो संत की बजाए वेश्या बनना पसंद करूँगा।
अपनी फिल्म अर्थ, जख्म और वो लम्हे से कई विवादों को हवा देने वाले महेश भट्ट इस बार भी पीछे हटने वाले नहीं। कम से कम फिलहाल तो यही दिख रहा है।
अनुपम का सपना : अनुपम खेर फाउंडेशन की अभी तो शुरुआत ही हुई है, लेकिन अनुपम खेर का पहला मिशन है मुंबई में एक अनाथालय खोलना।
अनाथालय खोलने को लेकर दृढ़ अनुपम कहते हैं- ये मेरा बहुत पुराना सपना है। मैंने जमीन के लिए सरकारी अधिकारियों से मुलाकात की है और उज्ज्वल बैनर्जी को अपने फाउंडेशन का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया है।
उज्ज्वल बैनर्जी टाइम्स के लीड इंडिया अभियान के तहत चुने गए थे। अनुपम खेर का कहना है कि वे अभी इसके बारे में बात नहीं करना चाहते हैं, लेकिन अनाथालय उनका सबसे कीमती सपना है।
अनुपम खेर सरकारी सहायता को लेकर भी काफी उत्साहित हैं और उन्हें उम्मीद है कि सरकार इस मामले में सहायता के लिए आगे आएगी। अनुपम चाहते हैं कि पूरे देश के अनाथ बच्चे इस अनाथालय का हिस्सा हों।
बहन की खातिर : आदित्य चोपड़ा की फिल्म से अपने करियर की शुरुआत करने वाली एक प्रतिभाशाली अभिनेत्री आजकल क्या कर रही है? ऐसी अभिनेत्री जिसके नाम शरारा...शरारा...और माइंड ब्लोइंग माहिया..जैसे गाने भी हैं, फिर भी उनका करियर ठहराव पर है।
हम बात कर रहे हैं शमिता शेट्टी की। चर्चित शिल्पा शेट्टी की बहन आजकल करियर को लेकर परेशान हैं तो उन्हें मुश्किल से उबारने के लिए सामने आईं हैं उनकी दीदी शिल्पा शेट्टी। इस साल अपना प्रोडक्शन हाउस शुरू कर रही शिल्पा शेट्टी ने अब अपनी बहन के लिए फिल्म बनाने की तैयारी की है।
शिल्पा कहती हैं- बहुत हो चुका। मुझे ऐसा लग रहा है कि मेरी बहन को बॉलीवुड में वो स्थान नहीं मिल पाया, जो उसे मिलना चाहिए था। मेरे साथ भी यही समस्या थी और मुझे इसके कारण नुकसान भी हुआ।
शिल्पा कहती हैं कि उन्हें अपने करियर का पहला पुरस्कार पिछले सप्ताह फिल्म लाइफ़ इन ए मेट्रो के लिए मिला, जो अच्छा तो है लेकिन इतने वर्षों बाद मिला है। शिल्पा नहीं चाहती कि उनकी बहन को भी उसी स्थिति से गुजरना पड़े।
शिल्पा ने कहा- मेरे करियर में चीजें उतनी अच्छी नहीं रहीं, लेकिन मैं नहीं चाहती कि मेरी बहन के साथ भी ऐसा हो और मैं इस स्थिति में हूँ कि अपनी बहन के लिए कुछ कर सकूँ।
हाल ही में शिल्पा शेट्टी ने करण जौहर की फिल्म दोस्ताना के लिए एक हॉट गाने की शूटिंग की है और अब वे मुंबई में हैं, जहाँ वे सनी देओल के साथ द मैन फिल्म की शूटिंग करेंगी।
कुछ कहो तो जिया : एक और जहाँ दीपिका पादुकोण अक्षय कुमार के साथ चाँदनी चौक टू चाइना की शूटिंग बैंकॉक में कर रही हैं, वहीं जिया खान हैदराबाद में आमिर खान के साथ शूटिंग कर रही हैं।
आमिर और जिया की फिल्म गजनी में कई स्टंट सीन हैं और शूटिंग करते समय आमिर खान घायल भी हो चुके हैं, लेकिन जिया ऐसे सीन बहुत बहादुरी से कर रही हैं।
बड़ी बात ये है कि इस फिल्म में जिया के हिस्से में ऐसे में ऐसे-ऐसे स्टंट सीन आए हैं, जिससे आपका दिल हाथ में आ जाएगा। और इससे भी बड़ी बात ये है कि जिया इस फिल्म में आमिर से कम स्टंट सीन नहीं कर रही हैं। अगर जिया के इन स्टंट दृश्यों की चर्चा नहीं हो रही है तो इसकी वजह सिर्फ ये है कि वे इन दृश्यों के बारे में नहीं बोल रही हैं।
संजीदा सेलीना : सेलीना जेटली हमेशा गलत कारणों से चर्चा में रहती हैं। लेकिन आजकल वे मानसिक सदमे से गुजर रही हैं। पिछले सप्ताह उनके भाई का भयानक एक्सीडेंट हुआ था। हालाँकि अब वे खतरे से बाहर हैं।
लेकिन सेलीना उस हादसे को अभी भी नहीं भूल पाई हैं। कारण मध्यप्रदेश के महोबा में गंभीर दुर्घटना के बाद सेलीना के एकमात्र भाई विक्रांत 25 मिनट तक सड़क पर बेहोश पड़े रहे।
संजीदा सेलीना कहती हैं- क्या आप विश्वास करोगे। सेना में काम करने वाला मेरा भाई इतनी देर तक बेहोश रहा और लोग उसे देखते रहे। मेरे भाई की मौत हो सकती थी।
लोगों की संवेदनहीनता से सेलीना आहत हैं, लेकिन वे उस सज्जन का शुक्रिया भी अदा करती हैं जिसने उनके भाई के मोबाइल से फोन किया और उनके पिताजी को इस दुर्घटना की सूचना दी। बाद में विक्रांत को सेना के अस्पताल में ले जाया गया और अब वे लखनऊ के अस्पताल में हैं। अब वे खतरे से बाहर भी हैं।
|