फ्रांस की प्रथम महिला और पूर्व मॉडल कार्ला ब्रूनी की नग्न तस्वीर की नीलामी में उम्मीद से बीस गुना ज्यादा दाम मिले हैं। गुरुवार को इसकी नीलामी 91 हजार डॉलर यानी करीब 36 लाख रुपयों में हुई।
नीलामकर्ता संस्था 'क्रिस्टीज' का कहना था कि इस तस्वीर की कीमत तीन से चार हजार डॉलर के आसपास आँकी गई थी। साल 1993 में ली गई इस तस्वीर को मिशेल कोमट नाम की फोटोग्राफर ने उस वक्त खींचा था, जब मॉडलिंग की दुनिया में कार्ला ब्रूनी एक बड़ा नाम था।
अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में 'क्रिस्टीज' की इस नीलामी में कौन विजेता रहा, इसका विवरण अभी नहीं दिया गया है।
ऊँची कीमत : 'क्रिस्टीज' के प्रवक्ता रिप पाईक का कहना था कि ऊँची कीमत की मुख्य वजह मीडिया और अंतरराष्ट्रीय जगत की इस तस्वीर में बहुत ज्यादा रुचि को माना जा सकता है।
'क्रिस्टीज' का कहना था कि इस नीलामी से प्राप्त हुई रकम को परोपकारी कामों से जुड़ी हुई स्विस संस्था सोडीज को दिया जाएगा। सोडीज विकासशील देशों में साफ पानी मुहैया कराने का काम करती है।
कार्ला ब्रूनी की नीलाम होने वाली नग्न तस्वीर संग्रहकर्ता जर्ट एल्फरिंग के संग्रह का हिस्सा थी।
जर्ट एल्फरिंग के संग्रह में मॉडल लॉरेन हटन, जिसेल बंडचेन और केट मॉस की नग्न तस्वीरों के साथ-साथ अमेरिकी फोटोग्राफर रिचर्ड ऐवडॉन की खींची हुई अभिनेत्री ब्रिजेट बार्डोट की एक तस्वीर भी थी।
ब्रिजेट बॉडॉट की तस्वीर की नीलामी से एक लाख 81 हजार डॉलर यानी करीब 73 लाख रुपए मिले। हालाँकि इस नीलामी में सबसे ज्यादा चर्चा कार्ला ब्रूनी की तस्वीर की ही रही।
कार्ला ब्रूनी का विवाह करीब चार महीने पहले फ्रांस के राष्ट्रपति निकोलस सरकोजी के साथ हुआ है। सरकोजी की 11 साल पत्नी रहीं सेसीला सिगेनर-अलबेनिज से तलाक के बाद यह विवाह हुआ।
|