भारत में गरमी पड़नी शुरू हो गई है और इस दौरान कई ऐसी फिल्में आ रही हैं, जिनके बारे में मीडिया में चर्चा है कि इसमें कई हॉट दृश्य हैं। इन खबरों में ये कहा गया कि यशराज फिल्म्स की टशन में करीना कपूर ने बिकिनी पहनी है...लेकिन इसमें कोई सच्चाई नहीं है।
हल्ला है कि प्रियंका चोपड़ा भी दोस्ताना में बिकिनी में नजर आएँगी...लेकिन अफसोस ये भी सच नहीं है।
प्रियंका कहती हैं कि इस फिल्म में समुद्र तट पर कई रोमांटिक दृश्य हैं। ये सच है कि हम लोग ऐसी पोशाक में होंगे, जो समुद्र तट पर पहनी जाती है।
प्रियंका का कहना है कि निर्माता करण जौहर ने उन्हें बिकिनी पहनने के लिए नहीं कहा है और वैसे भी मैं बिकिनी पहनकर सहज नहीं रह पाती।
लारा लप्पा : आजकल लारा दत्ता के सामने फिल्मों की झड़ी लगी हुई है। इस साल वे कई फिल्मों में काम कर रही हैं और उनके हीरो गोविंदा और अक्षय कुमार से लेकर शाइनी आहूजा तक देवदास पर सुधीर मिश्रा फिल्म बना रहे हैं और इस फिल्म में लारा दत्ता पारो की भूमिका निभा रही हैं। इस भूमिका को लेकर लारा काफी उत्साहित हैं।
लारा दत्ता कहती हैं कि अभी तक मैंने जो भी भूमिका की है, ये भूमिका उससे काफी अलग होगी। मुझे इसके लिए कई बदलाव लाने होंगे, लेकिन ये पीरियड फिल्म नहीं है।
डेविड धवन की फिल्म में वे गोविंदा के साथ काम कर रही हैं तो अक्षय कुमार के साथ भी वे फिल्म ब्लू कर रही हैं। इस फिल्म के लिए अक्षय कुमार ने ख़ुद लारा को डाइविंग सिखाई है...इसे कहते हैं गहरी दोस्ती।
बिपाशा की बेकरारी : लारा दत्ता की बात करें तो वे पीरियड फिल्म में काम करने के लिए काफी उतावली हैं। हो सकता है जल्द ही वे ऐसी फिल्म भी साइन कर लें। लेकिन उनकी तगड़ी प्रतिद्वंद्वी बिपाशा बसु की ऐसी फिल्मों में काम करने की संभावना कम होती जा रही है। राजकुमार संतोषी की फिल्म अशोक और रितुपर्णो घोष की फिल्म द्रौपदी ठंडे बस्ते में रख दी गई है।
बेन किंग्सले की ताजमहल पर बनने वाली फिल्म के शुरू होने के आसार फिलहाल तो नजर नहीं आ रहे। इस फिल्म में बिपाशा को जहाँआरा और ऐश्वर्या को मुमताज महल की भूमिका करनी है।
इससे तो यही लगता है कि बिपाशा को रेस जैसी फिल्म करके ही संतोष करना पड़ेगा। खबर यह है कि अब रेस का सिक्वल आ रहा है। इस फिल्म में अक्षय खन्ना के अलावा सभी कलाकार होंगे, जिन्होंने रेस में काम किया था।
मियामी में मस्ती : करण जौहर की फिल्म दोस्ताना के कलाकार आजकल मियामी में रंग जमा रहे हैं। वैसे भी इस फिल्म की कहानी में दो लड़के अभिषेक बच्चन और जॉन अब्राहम एक लड़की प्रियंका चोपड़ा को पटाने की जी-तोड़ कोशिश करते हैं। कॉमेडी की रंग वाली इस फिल्म की शूटिंग के दौरान माहौल भी पार्टी जैसा है।
मियामी से प्रियंका ने मुझे बताया कि मधुर भंडारकर की गंभीर फिल्म फैशन की शूटिंग के बाद मुझे इसी तरह के ब्रेक की जरूरत थी। ऐसा नहीं है कि हम मेहनत नहीं कर रहे हैं, लेकिन ये फिल्म काफी मनोरंजक है। अभिषेक और जॉन पहले मित्र हैं बाद में सह-कलाकार।
प्रियंका के मुताबिक मियामी में फिल्म की शूटिंग मई के मध्य तक पूरी करनी है। उम्मीद है कि जल्द ही ऐश्वर्या और बिपाशा भी मियामी पहुँचने वाली हैं।
लेकिन फिलहाल प्रियंका को अकेले ही रहना होगा क्योंकि उनके ब्वॉय फ्रेंड हरमन बवेजा अपनी पहली फिल्म 'लव स्टोरी 2050' पर काम कर रहे हैं।
|