सुपरस्टार अमिताभ बच्चन ने बतौर अभिनेता तो अलग-अलग किरदारों में लोगों का दिल जीता ही है, कई बार उन्होंने अपनी गायकी से भी लोगों का भरपूर मनोरंजन किया है।
मेरे अंगने में तुम्हारा क्या काम है..., रंग बरसे....जैसे गानों में उनकी आवाज गूँजती रही है। अमिताभ ने अपने नई फिल्म भूतनाथ में भी गाने गाए हैं।
सुपस्टार अमिताभ बच्चन का कहना है कि ‘भूतनाथ’ में उन्होंने गाने इसलिए गाए, क्योंकि फिल्म निर्माता की यही इच्छा थी। जल्द ही रिलीज होने जा रही फिल्म ‘भूतनाथ’ में वो दर्शकों को भूत बनकर डराएँगे।
‘डॉन’ और ‘लावारिस’ जैसी फिल्मों में अपनी आवाज का जलवा दिखा चुके अमिताभ यानी बिग बी ने भूतनाथ में दो गाने गाए हैं। इसके अलावा अपनी एक और फिल्म ‘अलादीन’ में भी वो एक गाने में अपनी आवाज देंगे।
निर्माता की इच्छा : गायकी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि निर्माता ने मुझसे गाने के लिए कहा और मैंने गाया। यह पूछे जाने पर कि गाना गाकर उन्हें कैसा लग रहा है तो अमिताभ ने चुटकी लेते हुए कहा- गाते-गाते मेरा गला बैठ गया है।
इंटरनेशनल इंडियन फिल्म एकेडमी (आइफा) के एक कार्यक्रम के दौरान अमिताभ ने कहा कि जुलाई-अगस्त में वह पश्चिमी देशों में कार्यक्रम पेश करने की योजना बना रहे हैं।
अमिताभ आइफा के ब्रांड अंबेसडर भी हैं। उन्होंने आइफा 2008 पुरस्कारों के नामांकन के लिए पहला वोट डालकर वोटिंग प्रक्रिया की शुरुआत की।
पुरस्कारों के बारे में पूछे जाने पर बच्चन ने कहा कि दुनिया भर में अपनी फिल्में, संस्कृति और संस्कारों को ले जाने का यह शानदार तरीका है। अमिताभ ने कहा कि उन्होंने अभी तय नहीं किया है कि पुरस्कार वितरण समारोह में कार्यक्रम पेश करेंगे कि नहीं।
|