आपका कोई अपना अस्तपाल में बीमार पड़ा हो, तो आप उनके लिए क्या-क्या नहीं करते। उनका मिजाज ठीक रखने के लिए आप फूल, फल, किताबें कई तरह के तोहफे ले जाते हैं। लेकिन हवाई के एक शख्स ने अस्पताल में भर्ती अपने रिश्तेदार की मिजाजपोशी के लिए अलग ही तरकीब निकाली।
दरअसल मरीज का एक पसंदीदा घोड़ा था। बीमार मरीज को खुश करने के लिए उनके रिश्तेदार खुद तो मिलने आए ही साथ ही घोड़े को भी अस्पताल ले आए। यह शख्स जब घोड़े के साथ अस्पताल के तीसरे माले पर खड़ा था तो सुरक्षा गार्डों की नजर गई। घोड़े को लिफ्ट के जरिए लाया गया।
खैर, जब इतनी दूर से घोड़े को लाया गया था तो मरीज को उससे मिलने दिया गया। पर मरीज को निराशा ही हाथ लगी क्योंकि यह उनके पसंदीदा घोड़े की बजाय दूसरा ही कोई घोड़ा निकला। विलकॉक्स मेमोरियल अस्पताल की एक प्रवक्ता ने बताया कि कुत्तों और बिल्लियों को अस्पताल लाने को लेकर नियम हैं लेकिन घोड़ों को लाने का कोई नियम नहीं है।
प्रवक्ता ने बताया कि हम उम्मीद करते हैं कि लोग इस बात को समझेंगे कि अस्पताल में घोड़ों को नहीं लाया जा सकता। यह खतरनाक हो सकता है। हमें मरीजों की चिंता है। उन्होंने बताया कि कुछ कहासुनी के बाद सुरक्षा गार्ड घोड़े को और उसे लाने वाले शख्स को अस्पताल से भेजने में सफल रहे। एक अखबार के मुताबिक यह शख्स अस्पताल में तब आया जब वहाँ के सामने वाले डेस्क पर बैठने वाला स्टाफ घर जा चुका था और उसने यह भी कहा कि लॉबी में उनके आने की घोषणा की जाए।
|