मुख्य पृष्ठ > सामयिक > बीबीसी हिंदी > बीबीसी समाचार
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
लड़कियों में अच्छी नहीं अतिचंचलता
BBCBBC
शोध बताते हैं कि अतिचंचल लड़कियों को वयस्क होने पर ज्यादा गंभीर समस्याएँ पेश आ सकती हैं। 21 साल तक की 800 लड़कियों पर किए गए एक अध्ययन में पाया गया कि लड़कियों में अतिचंचलता वयस्क होने पर उनकी नौकरी की खराब संभावनाएँ, गलत संबंध और कम उम्र के गर्भधारण का कारण बन सकती है।

इससे पहले किए गया एक शोध बचपन में लड़कों की अतिचंचलता पर केंद्रित था जिसमें पाया गया था कि लड़कों में अतिचंचलता को ज्यादा आसानी से पहचाना और इलाज किया जा सकता है। कनाडा और इंग्लैंड के यह शोध 'जनरल साइकाइट्री' पत्रिका में छपे हैं।

शोधार्थियों का मानना है कि ऐसी अतिचंचल लड़कियों के अभिभावकों को स्कूलों में उनके बेहतर प्रदर्शन के लिए शुरुआत से ही उनके सक्रियता स्तर को पहचान कर उन्हें मदद देनी चाहिए। छह से 21 साल तक की लड़कियों पर केंद्रित इस अध्ययन में ऊपर-नीचे कूदने, आराम से एकटक न बैठने और बेचैनी के लक्षणों को जाँचा।

आक्रामकता : शोधार्थियों ने इनमें शारीरिक आक्रामक व्यवहार के स्तर को भी परखा जैसे लड़ना-झगड़ना, मारपीट करना, उठापटक करना, काटना इत्यादि। हर दस में से एक लड़की में अतिचंचलता का उच्च स्तर पाया गया, जबकि दूसरी दस लड़कियों में अति चंचलता के उच्च स्तर के साथ शारीरिक रूप से आक्रामक व्यवहार भी पाया गया।

इस अध्ययन के अनुसार सबसे ज्यादा चंचल या आक्रामक लड़कियों को दोगुने से भी ज़्यादा धूम्रपान की लत का शिकार होने और अनुचित संबंधों में लिप्त होने के आसार दोगुने से भी ज्यादा हो सकते हैं और स्कूल में इनका प्रदर्शन चार गुना खराब हो सकता है।

जबकि अतिचंचल और आक्रामक दोनों व्यवहारों वाली लड़कियों में बाद में कम उम्र में गर्भधारण की समस्या के अलावा अपने साथी के लिए शारीरिक और मानसिक आक्रामकता भी देखी गई। एक चौथाई अतिचंचल लड़कियों में बाद में कोई समस्या नहीं पाई गई।

यूनिवर्सिटी कॉलेज, लंदन के शोधार्थी और इस अध्ययन के प्रमुख डॉ. नेथली फोंटेन ने कहा कि अब से पहले लड़कियों में अति चंचलता पर बहुत कम शोध हुए हैं।

स्कूल में प्रदर्शन : उन्होंने कहा कि लड़कों के मुकाबले लड़कियों में अतिचंचलता हालाँकि बहुत कम पाई जाती है, लेकिन जिन लड़कियों में यह पाई जाती है, उनमें बाद में अनेक समस्याएँ पैदा होने की आशंका होती है।

उन्होंने कहा कि यह बात नई नहीं है क्योंकि बहुत-सी समस्याएँ तो स्कूल में खराब प्रदर्शन से ही पैदा होती हैं। उनके अनुसार इस क्षेत्र में और ज्यादा शोध की जरूरत है ताकि ऐसी समस्याओं के बढ़ने के कारणों और बचाव के उपायों को समझा जा सके।

साउथ-वेस्ट लंदन में बाल और किशोर मनोविज्ञान के सलाहकार डॉ. मोरिस वी कहते हैं कि ऐसे ही परिणाम अतिचंचल लड़कों में भी देखे गए हैं। उनके अनुसार अतिचंचलता अधिकतर लड़कों में ही पाई जाती है और हम इसके कारणों के बारे में नहीं जानते।

उन्होंने कहा कि लड़कियों में ध्यान भंग होने के लक्षण ज्यादा पाए जाते हैं, इसलिए उन्हें ऐसे ही छोड़ दिया जाता है क्योंकि वह बहुत परेशानियाँ पैदा नहीं करतीं।
और भी
सुलगते तिब्बत पर भारत की खामोशी
नसबंदी कराओ, बंदूक पाओ!
40 हजार मौलवियों को दोबारा प्रशिक्षण
करीना की कलरफुल कहानी
बहुत खुश हैं भूतनाथ
स्पिट्जर सेक्स स्कैंडल में महिला की पहचान