रवि चोपड़ा की फिल्म 'भूतनाथ' में अमिताभ बच्चन का लुक लोगों के सामने पेश किया गया। बिग बी भूतनाथ के रूप में मीडिया के सामने खुद पेश हुए। इस मौके पर उन्होंने मीडिया के कई खट्टे-मीठे सवालों के जवाब दिए। बच्चन साहब इस फिल्म में एक भूत का किरदार निभा रहे हैं।
एक बात जो इस मौके पर खास देखने को मिली वो ये कि उन्होंने इस फिल्म के निर्देशक विवेक शर्मा की जमकर तारीफ की। विवेक इससे पहले शाहरुख की कंपनी से जुड़े रहे हैं और भूतनाथ उनकी एक डायरेक्टर की हैसियत से पहली फिल्म है।
अपने बस का नहीं है : शाहरुख खान के सिक्स पैक ऐब्स ने आजकल बॉलीवुड के अभिनेताओं में 'सिक्स पैक एब्स' बनाने की होड़ लगा दी है। मगर फरदीन खान के लिए यह एक मुसीबत बन गई।
दरअसल फिल्म 'एसिड फैक्टरी' के लिए निर्माता संजय गुप्ता चाहते थे कि फरदीन 'सिक्स पैक एब्स' में अपना गठीले शरीर को पर्दे पर दिखाएँ, लेकिन लाड़-प्यार और शानो-शौकत से पले फरदीन खान के लिए फिल्म 'एसिड फैक्टरी' मुसीबत का कारण बन गई है।
दरअसल हुआ यह कि बेचारे फरदीन को एक फिटनेस ट्रेनर के हवाले कर दिया गया। इसके बाद फरदीन की 'सिक्स पैक एब्स' बनाने की ट्रेनिंग शुरू तो हो गई, मगर बहुत जल्द ही उनकी हिम्मत ने जवाब दे दिया।
जब फरदीन के न आने का कारण पूछा गया तो पता चला कि 'सिक्स पैक एब्स' बनाने के चक्कर में वे बीमार पड़ गए हैं।
हम साथ-साथ हैं : भले ही मीडिया में कैटरीना और सलमान के रिश्ता टूटने की अटकलें जोर पर हैं, लेकिन आजकल वे एक के बाद एक फिल्म धड़ाधड़ साइन करने में व्यस्त हैं। दिलचस्प बात तो यह है कि इन फिल्मों में वह युवा अभिनेताओं के साथ अभिनय करती दिखेंगी।
पिछले साल उनकी दो फिल्में वेलकम और नमस्ते लंदन बॉक्स आफिस पर बड़ी हिट रही हैं इसीलिए उनके पास ढेर सारे नए प्रस्ताव आ रहे हैं। एक तरफ कैटरीना जहाँ रनबीर कपूर के साथ राजकुमार संतोषी की फिल्म में नजर आएँगी, वहीं नील मुकेश के साथ भी एक फिल्म करेंगी।
लोकप्रिय जोड़ी की वापसी : फिल्म निर्देशक फरहान अख्तर और बॉलीवुड में छोटे नवाब कहे जाने वाले अभिनेता सैफ अली खान की जोड़ी एक बार फिर लोगों का मनोरंजन करेगी।
फिल्म 'दिल चाहता है' की जबरदस्त सफलता के बाद कई सालों पहली बार फरहान की फिल्म में सैफ नजर आएँगे। दरअसल, फरहान की फिल्म 'वॉयस फ्रॉम द स्काई' में सैफ मुख्य भूमिका निभाएँगे।
'दिल चाहता है' में सैफ की भूमिका की तारीफ तो लोगों ने की थी, लेकिन देखने वाली बात होगी कि क्या ये जोड़ी फिर से वो करिश्मा दोबारा दिखा पाएगी।
माँ खुश नहीं हैं : सुनने में आया है कि बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री करीना कपूर की माँ बबीता कपूर को सैफ और करीना का रिश्ता पसंद नहीं है। सैफ और करीना का प्यार फिल्म 'टशन' की शूटिंग के दौरान परवान चढ़ा। इसी दौरान करीना ने शाहिद को अपनी जिंदगी से बाहर कर दिया।
शायद बबीता नहीं चाहती कि उनकी बेबो उम्रदराज सैफ को अपना जीवनसाथी बनाए। इस बात को लेकर सैफ और करीना काफी परेशान हैं। अब तो हालत ये हो गई है कि सैफ के बारे में पूछे जाने पर करीना टालने की कोशिश करने लगती हैं।
ये नजदीकियाँ : दीपिका पादुकोण की नजदीकियाँ अब धीरे-धीरे कपूर खानदान से बढ़ रही हैं। हाल ही में जब अपने पसंदीदा अभिनेता ऋषि कपूर से मिलीं तो उनके लिए यह दोहरी खुशी का मौका था।
वह ऋषि कपूर के बेटे रणबीर कपूर की गर्लफ्रेंड की हैसियत से उनसे मिल रहीं थीं। इन दिनों दीपिका की नजदीकियाँ रणबीर कपूर से काफी बढ़ी हैं। दीपिका के अनुसार बचपन से ही वह ऋषि कपूर की प्रशंसक रही हैं। उन्होंने कई बार कर्ज और कभी-कभी जैसी फिल्में देखी हैं।
|