बीस मिनट की मुलाकात के लिए 16 लाख रुपए। सुनने में भले ही अटपटा लगे, लेकिन हॉलीवुड अभिनेत्री स्कारलेट जोहान्सन के एक प्रशंसक ने उनसे मिलने की यही कीमत चुकाई है। चैरिटी संस्था ऑक्सफेम के लिए हुई एक ऑनलाइन नीलामी में प्रशंसक ने स्कारलेट से 20 मिनट की मुलाकात के लिए 20 हजार पाउंड यानी करीब 16 लाख रुपए की बोली लगाई।
अमेरिका में जुलाई में होने वाले अपनी नई फिल्म के प्रीमियर के मौके पर स्कारलेट अपने इस खास प्रशंसक के साथ होंगी। हालाँकि बोली लगाने वाले ब्रिटेन के इस प्रशंसक की पहचान सार्वजनिक नहीं हो सकी है, लेकिन ईबे पर उनका नाम बॉसनोर बताया गया है।
गरीबों के लिए चैरिटी : चैरिटी संस्था ऑक्सफेम के प्रवक्ता का कहना है कि नीलामी से हासिल रकम का इस्तेमाल गरीबों की मदद के लिए किया जाएगा। स्कारलेट के साथ शाम गुजारने से पहले इस प्रशंसक का मेकअप किया जाएगा।
स्कारलेट की नई फिल्म में ड्रयू बेरीमोर, जेनिफर एनिस्टन, जेनिफर कोनेली और बेन अफलेक भी सहायक भूमिकाओं में हैं। ऑक्सफेम के प्रवक्ता ने कहा कि गरीबी के खिलाफ लड़ने के लिए बीस मिनट की मुलाकात के 16 लाख रुपए और फिल्म की प्रीमियर के टिकटें वाकई शानदार योजना हैं।
उन्होंने कहा कि इस पूरी राशि का उपयोग दुनिया भर के गरीबों की मदद के लिए किया जाएगा। इस बीच, ऑक्सफेम ने एक और हॉलीवुड अभिनेत्री क्रिस्टीन डेविस की फिल्म 'सैक्स एंड द सिटी' के प्रीमियर के लिए भी ऐसी ही ऑनलाइन नीलामी की योजना बनाई है।
डेविस कहती हैं कि इस नीलामी की खासियत ये है कि इसकी पूरी रकम ऑक्सफेम को जाएगी।
|