मुख्य पृष्ठ > सामयिक > बीबीसी हिंदी > बीबीसी समाचार
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजियेयह पेज प्रिंट करें
 
चीनी आग्रह पर रोकी एवरेस्ट यात्रा
BBCBBC
एवरेस्ट पर चढ़ाई कुछ दिनों के लिए रोकने के चीनी आग्रह को नेपाल ने मान लिया है। चीन को आशंका है कि तिब्बती विरोध करने के लिए हिमालय की चोटी पर भी पहुँच सकते हैं।

नेपाल के पर्यटन मंत्री पृथ्वी सुब्बा गुरुंग ने कहा है कि 10 मई तक किसी भी पर्वतारोही को एवरेस्ट के बेस कैंप से आगे जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। मंत्री ने बताया कि चीन के अनुरोध पर यह कदम उठाया गया है।

चीन ने अगस्त में होने वाले बीजिंग ओलिंपिक की मशाल को एवरेस्ट की चोटी तक ले जाने की योजना बना रखी है। तिब्बती विद्रोह की 49वें सालगिरह से शुरू हुए प्रदर्शनों के दौर से चीन चिंतित है। उसे लगता है कि एवरेस्ट पर मशाल ले जाने के दौरान विरोध कर रहे तिब्बती भी वहाँ पहुँच सकते हैं।

फैलता विरोध, बढ़ती चिंता : चीन एक तरफ ओलिंपिक खेलों की तैयारियों में जुटा है तो दूसरी तरफ तिब्बत क्षेत्र की राजधानी ल्हासा में बौद्ध भिक्षुओं ने अपना आंदोलन तेज कर दिया है।

तिब्बती शरणार्थी भारत और नेपाल जैसे पड़ोसी देशों में भी प्रदर्शन कर रहे हैं। कहीं उन्हें बलपूर्वक तितर-बितर किया जा रहा है तो कहीं हिरासत में लिया जा रहा है।

इस बीच नेपाली राजधानी काठमांडू में पुलिस ने तिब्बती शरणार्थियों की एक सभा पर चालू सप्ताह में दूसरी बार बलप्रयोग किया। प्रत्यक्षदर्शिंयों ने बताया कि सभा में रही बौद्ध भिक्षुणियों पर भी लाठी बरसाने में पुलिस ने कोई परहेज नहीं किया।

नेपाली पर्यटन मंत्री ने कहा कि चीन के आग्रह पर 10 मई तक एवरेस्ट की चढ़ाई रोक दी गई है। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए किया गया है ताकि जब वे मशाल लेकर चोटी पर जाएँ तब कोई घुसपैठ कर उसमें व्यवधान न पैदा कर सके।

अभी तक चीन ने मशाल को एवरेस्ट पर ले जाने की तारीख तय नहीं की है, लेकिन खबर है कि अप्रैल के अंत या मई की शुरुआत में यह यात्रा हो सकती है। वैसे मई महीने को 8,848 मीटर की ऊँचाई वाली दुनिया की सबसे ऊँची चोटी एवरेस्ट पर चढ़ने के लिए सबसे उपयुक्त समय माना जाता है।
और भी
सफलता के 10 साल और सिर उठाते सवाल
चीटियाँ भी धोखेबाज और स्वार्थी होती हैं
एक चौथाई अमेरिकी लड़कियों को यौनरोग!
काश वे मेरी बात मान लेते
'होप एंड ए लिटिल शुगर'
बड़ा परिवार सुखी परिवार