- विष्णुदत्त नागर
समय! तुम मेरे अनुगामी हो इसलिए मैं अपने मन की व्यथा सुनाता हूँ- मुझ पर ताप बढ़ने के कारण बिजली की कमी होने का दोष मढ़ा जाता है, लेकिन यह भुला दिया जाता है कि मेरी गर्मी या सौर ऊर्जा से बिजली बनाकर समस्या का समाधान निकाला जा सकता है। मैंने अपनी तपती गर्मी के साथ बिजली पैदा करने की अनंत संभावनाएँ भेंट की हैं, लेकिन लोग आँखें मूँदकर केवल मुझे और उस गर्मी को कोसते हैं।
अपनी महत्ता और अन्य देशों में मेरा सम्मान करने वाले देशों की उपलब्धि का वर्णन करने के पूर्व मैं यह बता दूँ कि मुझे विशेष दुःख इस बात का है कि भारत में मेरा प्रतिष्ठित स्थान होना चाहिए। तुम्हारी चलन गति के आधार पर देश के पंचांग बनते हैं, तिथि-त्योहार निर्धारित होते हैं। सूर्यवंशी भगवान राम की गाथा का बड़ी श्रद्धा से बखान किया जाता है।
तुम्हें याद दिला दूँ कि जब श्रीराम युद्ध से थककर चिंता करते हुए रणभूमि में खड़े थे, | | ऊर्जा की जरूरतें इतनी बढ़ी हैं कि 2012 तक हमें ऊर्जा उत्पादन की मौजूदा क्षमता में 100 गीगावाट की बढ़ोतरी करनी होगी। भारत में दुनिया की 17 प्रतिशत आबादी निवास करती है, लेकिन हमारे पास जैव ईंधन का मात्र 0.8 प्रतिशत भंडार है |
| |
तब अगस्त्य मुनि ने श्रीराम को उपदेश दिया था कि वे मेरे नाम के मंत्रों के द्वारा पूजन करें। मेरी धुरी के इर्द-गिर्द पृथ्वी तो चक्कर लगाती ही है, साथ ही चंद्रमा भी मुझसे प्रकाशवान होता है। मैं सदैव कर्मशील हूँ और मैंने कभी फल की इच्छा नहीं की। लेकिन मेरे में छिपी संभावनाओं और विद्युत वरदानों में सरकार और लोगों की अधिक दिलचस्पी नहीं। आज नहीं तो कल भारत के घरों को 'विद्युती सूर्यवंशी' होना पड़ेगा।
प्रसंग है गत सप्ताह दिल्ली में संपन्न हुई ऊर्जा समन्वय समिति का, जहाँ प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहनसिंह ने संबोधन में एक ओर सौर ऊर्जा मिशन स्थापित करने, सौर ऊर्जा लालटेन और सौर ऊर्जा का प्रयोग अन्य क्षेत्रों में प्रसार करने की बात कही, वहीं दूसरी ओर हर स्तर पर बिजली की बचत करने पर जोर दिया। मुझे संतोष हुआ कि देर से ही सही, ऊर्जा के मामले में आत्मनिर्भरता हासिल करने के लिए सौर ऊर्जा की ओर सरकार का ध्यान गया।
ऊर्जा की जरूरतें इतनी बढ़ी हैं कि 2012 तक हमें ऊर्जा उत्पादन की मौजूदा क्षमता में 100 गीगावाट की बढ़ोतरी करनी होगी। भारत में दुनिया की 17 प्रतिशत आबादी निवास करती है, लेकिन हमारे पास जैव ईंधन का मात्र 0.8 प्रतिशत भंडार है। जैव ईंधन प्रदूषण फैलाने के कारण हानिकारक है और तेल आयात पर 77 अरब डॉलर से भी अधिक का बढ़ता खर्च हमारी अर्थव्यवस्था पर असहनीय बोझ बन गया है।
तेल निर्यातक देशों के संगठन (ओपेक) के अध्यक्ष साकिब खलील ने चेतावनी दी है कि आगामी महीने में तेल की कीमत 170 डॉलर प्रति बैरल के इर्द-गिर्द स्तर पर पहुँच सकती है। अभी हम सभी प्रयत्नों के बावजूद ऊर्जा जरूरतों का केवल 3 प्रतिशत हिस्सा ही परमाणु स्रोतों से हासिल करते हैं।
यदि हम अमेरिका से परमाणु करार कर भी लें तो पवन, जल विद्युत के अलावा परमाणु ऊर्जा का उत्पादन कम से कम दस गुना बढ़ाना होगा। इसलिए सौर ऊर्जा समेत नवीन और अक्षय ऊर्जा के रूप में अन्य स्रोतों को बढ़ावा देने के अलावा हमारे सामने कोई अन्य विकल्प नहीं है। साथ ही यह ध्यान रखना होगा कि सौर-ऊर्जा के उत्पादन के सबसे कीमती सिलीकॉन पदार्थ की आपूर्ति बढ़ाई जाए।
उल्लेखनीय है कि ऑस्टे्रलिया और अमेरिका समेत दुनिया के कई देशों में सौर ऊर्जा से बिजली बनाने का काम शुरू हो गया है। अकेले अमेरिका में बीसवीं शताब्दी के उत्तरार्द्ध में 350 मेगावाट से अधिक क्षमता के सौर बिजलीघर स्थापित किए गए। 2010 तक काम करने वाले 850 मेगावाट का एक बड़ा बिजलीघर स्थापित किया जा रहा है। कैलीफोर्निया और बोस्टन में सौर ऊर्जा के बड़े-बड़े पैनल स्थापित किए गए हैं।
राष्ट्रपति पद के डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार बराक ओबामा का वादा है कि वे सत्ता में आने के बाद 2025 तक बिजली की माँग का 25 प्रतिशत सौर ऊर्जा से पूरा करने की योजना की शुरुआत करेंगे। यद्यपि हमारे देश में ऊर्जा के अक्षय स्रोतों जैसे सूरज, हवा, जैविक कचरे के इस्तेमाल को प्रोत्साहित करने की जिम्मेदारी केंद्र सरकार के नवीन और अक्षय ऊर्जा मंत्रालय पर है, लेकिन इस ओर छिटपुट पहल ही होती है और बड़े बिजलीघर बनाने का काम ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है।
|