नई वेबदुनिया को जो प्रतिसाद आपने दिया, उसके लिए हम आपके आभारी हैं।
आपके समर्थन ने वेबदुनिया की पूरी टीम का उत्साह बढ़ाया है। आपकी प्रतिक्रियाओं के आधार पर हम यहाँ कुछ जानकारी दे रहे हैं, जो आपके सामान्य प्रश्नों का उत्तर देकर आपको नई वेबदुनिया से और अधिक परिचित करवा सके। कृपया आपके सुझाव भेजते रहिए।
अभी हाल ही में वेबदुनिया में जो परिवर्तन हुए हैं, वह हमारी इस यात्रा का नया पड़ाव हैं। भारत की कुल नौ भाषाएँ अब वेबदुनिया के माध्यम से व्यापक पैमाने पर भारतीय जनमानस के बीच अपनी पकड़ बना रही हैं। इंटरनेट की दुनिया में क्षेत्रीय भाषाओं की उपस्थिति दृढ़ हुई है।
हिंदी में वेबदुनिया की शुरुआत के एक वर्ष बाद दक्षिण की तीन भाषाओं तमिल, तेलुगू और मलयालम भी वेबदुनिया के साथ जुड़ गईं। उसके बाद से जारी इस सफर ने बहुत से उतार-चढ़ाव देखे। तमाम रास्तों से गुजरते हुए आज हम यहाँ पहुँचे हैं, जहाँ वेबदुनिया की अपनी पहचान है। इस तीव्र प्रसार की अगली कड़ी है, पाँच अन्य भारतीय भाषाओं गुजराती, मराठी, बंगाली, पंजाबी और कन्नड़ का वेबदुनिया के साथ जुड़ना। अब वेबदुनिया भारत का पहला और एकमात्र ऐसा पोर्टल बन गया है, जो एक साथ नौ भारतीय भाषाओं में कार्यरत है। गहरी समझ, दूरदृष्टि और लगन और कर्मठता इस सफर में वेबदुनिया के साथी हैं, जिनके बगैर यहाँ तक पहुँच पाना कभी संभव ही नहीं था।
वेबदुनिया के नवीन प्रारूप को और भी बेहतर बनाने के लिए हम काम कर रहे हैं। बहुत से पाठकों को यह शिकायत है कि स्वास्थ्य, ज्योतिष, धर्म, तंत्र-मंत्र आदि में पहले जितनी सामग्री उपलब्ध थी, वह अब नहीं है।
वेबदुनिया अब यूनीकोड में परिवर्तित हो गया है। शीघ्र ही पुरानी संपूर्ण सामग्री यूनीकोड में परिवर्तित होकर नए पोर्टल पर देखी जा सकेगी। लेकिन तब तक यदि आप चाहें तो ‘पत्रिका मिलान’ विभाग के जरिए पुराने पोर्टल पर जा सकते हैं। वहाँ से स्वास्थ्य, ज्योतिष, तंत्र-मंत्र आदि आदि विभागों में जाया जा सकता है, जहाँ पुरानी सामग्री यथावत मौजूद है। शीघ्र ही नए पोर्टल पर भी ये सारी सामग्री यूनीकोड में पढ़ी जा सकेगी।
वेबदुनिया भारत का पहला ऐसा पोर्टल था, जिसने क्षेत्रीय भाषाओं में ई-मेल की सुविधा प्रदान की थी। वेबदुनिया की ईमेल सेवा का लाभ हमारे यूजर वर्षों से उठाते रहे हैं। उन सबके लिए एक और खुशखबरी है। वेबदुनिया ने अपनी ईमेल सेवा में भी बहुत से महत्वपूर्ण परिवर्तन किए हैं। अब क्षेत्रीय भाषाओं में टाइपिंग की विशेष सुविधा के साथ-ही-साथ आप ईपत्र डॉट कॉम की जगह वेबदुनिया डॉट कॉम के नाम से अपने अकाउंट बना सकते हैं और हमारी ई-मेल सेवा का लाभ उठा सकते हैं। पाठकों के बीच लोकप्रिय वेबदुनिया की ग्रीटिंग सेवा भी नई सज-धज के साथ प्रस्तुत है। इन कार्ड्स के माध्यम से आप अपनी भावनाओं को व्यक्त कर सकते हैं।
इंटरनेट की दुनिया में आने वाला समय वेबदुनिया का होगा। वेबदुनिया ने अपना एक ऐसा सर्च इंजन बनाया है, जो शीघ्र ही वेबदुनिया समेत विश्व भर में इंटरनेट के संसार में कहीं भी, कुछ भी खोज सकेगा। यूजर्स अपनी क्षेत्रीय भाषाओं में भी इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
वेबदुनिया की वैचारिक प्रतिबद्धता इस बात से भी जाहिर है कि किसी भी मसले पर वेबदुनिया ने कभी किसी रूढ़ परंपरा का अंधानुकरण नहीं किया। जहाँ पुरानी चीजों के अनुगमन की जरूरत है, वहाँ अनुगमन और जहाँ उसके विध्वंस की जरूरत है, वहाँ उन प्रचलित परिपाटियों को तोड़ा भी है। दरअसल यही हमारी असली पहचान है। बाजार का प्रवाह वेबदुनिया के वैचारिक विवेक को भी अपने साथ नहीं बहा ले गया। यही एक चीज है, जो तमाम प्रतिकूलताओं के बावजूद अपनी जगह अडिग, अविचल खड़ी है।
-संपादक
|