जर्मनी का बवेरिया प्रांत इन दिनों एक बार के लिए चर्चा बटोर रहा है। इस बार में 1500 से ज्यादा प्रकार की शराब मौजूद हैं। बार मालिक की इच्छा है कि उनके बार का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में शामिल किया जाए।
बवेरिया वैसे तो कार बनाने वाली प्रसिद्ध कंपनी ऑडी की फैक्ट्रियों के लिए मशहूर है, लेकिन आज कल यहां हैमिंग्वे बार की चर्चा हो रही है। यह शहर के पुराने हिस्से की एक इमारत में बना है। बार का मेन्यू ही 114 पेज का है। इसमें 1555 तरह की शराब मौजूद हैं।
बार मालिक हांस फेल कहते हैं, 'ऐसा बार कहीं और नहीं है। जितनी तरह की कॉकटेल हमारे यहां मिलती है उतनी कहीं और नहीं मिलती। हम लोग शराब में 400 तरह की चीजें मिलाते हैं जो कि बार के पीछे रखी गई हैं। हर चीज सही जगह पर रखी होनी चाहिए नहीं तो भयानक अफरा तफरी फैल सकती है।'
फेल बताते हैं कि जब उन्होंने बार शुरू किया तब महज 63 तरह के कॉकटेल ही पिलाए जाते थे। लेकिन बाद में फेल को लगा कि इसकी संख्या बढ़ाई जानी चाहिए। जब कॉकटेल की संख्या 1000 को पार कर गई तब उन्होंने गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स से संपर्क किया।
उन्हें बताया गया कि बुल्गारिया में एक बार ऐसा है जिसमें 1244 तरह के ड्रिंक्स परोसे जाते हैं। इसके बाद तो फेल की चुनौती और बढ़ गई। वह नए तरह के कॉकटेल बनाने लगे और यह संख्या बढ़ते बढ़ते 1500 को पार कर गई।
कॉकटेल तैयार करने के लिए उन्होंने कंप्यूटर पर बकायदा डाटाबेस भी तैयार कर रखा है। वह टच स्क्रीन पर कॉकटेल का नंबर लिखते हैं और उसमें मिलाए जाने वाला सामान स्क्रीन पर दिख जाता है।
अब फेल की मेहनत रंग ला रही है। जर्मनी के होटल और गेस्ट हाउस एसोसिएशन ने उनके काम की तारीफ की है। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के नियम के मुताबिक कम से कम अगले छह महीने के लिए फेल को इतने ही कॉकटेल को अपने बार में सर्व करना होगा।