गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. सामयिक
  2. बीबीसी हिंदी
  3. बीबीसी समाचार
Written By BBC Hindi

वो लड़की जिसके जिस्म में क़ैद है एक लड़का

वो लड़की जिसके जिस्म में क़ैद है एक लड़का -
BBC
पाकिस्तान के देहाती इलाके के एक पारंपरिक परिवार से आने वाली अजरा अहमद एक लड़की से प्यार करती है, लेकिन उनके देश में इस तरह के रिश्ते को न तो समाज और न ही मजहब कबूल करता है।

जब वो बहुत छोटी थीं तभी से वे अपना सेक्स बदलना चाहती थीं लेकिन इसकी सहूलियत उनके पास न थी। दूर दराज के इलाके में रहने के कारण अपनी गर्लफ्रेंड से कानूनन शादी करने के लिए किसी और देश में जाने की संभावना तलाशना भी उनके लिए मुश्किल था। लेकिन अब उनके लिए इंटरनेट पर एक मुहिम चल रही है।

पढ़िए विस्तार से ये कहानी : 29 बरस की अजरा अब अपनी गर्लफ्रेंड के साथ छोटे से एक शहर में गुमनाम सी जिंदगी जी रही हैं। मार्केटिंग एक्जिक्यूटिव के तौर पर काम करती हैं।

अजरा अहमद और उनकी दोस्त लुबना जमाल की कहानी का पता जनवरी में उस वक्त तक किसी को नहीं था जब एक पाकिस्तानी मानवाधिकार समूह ने उनके लिए इंटरनेट पर समर्थन जुटाने की मुहिम शुरू की।
BBC

पूर्व पत्रकार अरशद सुलाहरी पाकिस्तान के समलैगिकों के अधिकारों के लिए काम कर रहे हैं। अजरा की मदद के लिए आगे आए पूर्व पत्रकार अरशद सुलाहरी कहते हैं कि उन्हें इसके लिए धमकियां दी गईं।

हालांकि इंटरनेट पर चली मुहिम से अजरा की उम्मीदें बंधी थी लेकिन जल्द ही उन्हें लगा कि इससे उनकी जिंदगी खतरे में पड़ गई है। दरअसल इंटरनेट पर उनके नाम से जारी की गई अपील में उनका पूरा नाम दिया हुआ था लेकिन पते वगैरह की कोई तफसील न थी।

वे कहती हैं, 'शायद इसी ने हमें बचा लिया।' अजरा अपने गांव की एकलौती बेटी हैं जिन्होंने कॉलेज देखा, ग्रेजुएशन किया। वह कहती हैं कि बचपन में ही उन्हें लगा कि वह एक ऐसा लड़का हैं जो किसी लड़की के शरीर में कैद है और जो छूटने के लिए छटपटा रहा है।

वह जैसे-जैसे बड़ी होती गईं, दूसरी लड़कियों के लिए आकर्षित होती गईं। स्कूल और कॉलेज में अजरा कई लड़कियों के साथ रिश्ते में रहीं।

सेक्स चेंज अगले पन्ने पर...

BBC
सेक्स चेंज : लुबना जमाल के आने से पहले अजरा की जिंदगी में अम्मारा ताहिर नाम की लड़की थी। वे सात बरस साथ रहे और एक रोज अम्मारा की किसी और से शादी हो गई। लेकिन अजरा के सामने अब लुबना के साथ घर बसाने का सवाल है।

उनके सामने दो विकल्प हैं, अजरा के शब्दों में 'या तो हमें किसी और देश में शरण मिल जाए या फिर मेरा सेक्स चेंज हो जाए ताकि मैं लुबना से निकाह कर सकूं।'

लेकिन दोनों ही विकल्पों के साथ अलग परेशानियां हैं। डॉक्टर फिदा मलिक मनोचिकित्सक हैं। वे बताती हैं, 'इसमें कई साल लग जाते हैं। अलग अलग डॉक्टरों की मदद लेनी होती है और पाकिस्तान जैसे देश में इसका एक मजहबी ऐंगल भी है।'

अजरा सेक्स चेंज के लिए डॉक्टरी प्रक्रिया से गुजर रही हैं और मुमकिन है कि उन्हें इसके लिए भारत या किसी और देश को जाना पड़े और ये हो भी जाता है तो भी उन्हें शायद अपनी गर्लफ्रेंड के साथ एक गुमनाम सी जिंदगी ही जीनी पड़े।

(पहचान छुपाने के लिए रिपोर्ट में नाम बदल दिए गए हैं।)