गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. सामयिक
  2. बीबीसी हिंदी
  3. बीबीसी समाचार
Written By BBC Hindi
Last Modified: बुधवार, 27 अगस्त 2014 (11:19 IST)

जब महिला ने अकेले तेंदुए को मार गिराया

- शिवप्रसाद जोशी (देहरादून से)

जब महिला ने अकेले तेंदुए को मार गिराया -
BBC
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले की एक महिला ने अपने ऊपर हमला करने वाले तेंदुए को अकेले ही दरांती और कुदाल से मार गिराया। कमला नेगी नाम की इन महिला को बुरी तरह घायल अवस्था में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उन्होंने इस पूरी घटना के बारे में बताया, 'मेरे पास दरांती और कुदाल थी। उसी से तेंदुए पर कई वार किए, जिससे उसके दांत भी टूट गए। लगभग आधा घंटे मेरी उससे लड़ाई चली। बाद में पता चला कि उसकी मौत हो गई।'

सेमकोटी गांव की रहने वाली 56 साल की कमला नेगी का कहना है कि वो रविवार सुबह पास ही के एक नाले से अपने खेत के लिए पानी खींचने गई थीं। तभी झाड़ियों में छिपे तेंदुए ने उन पर हमला कर दिया।

तेंदुए को मारने के बाद खून से लथपथ कमला पहले अपने गांव पहुंचीं। गांव वाले उन्हें अगस्त मुनि क़स्बे के छोटे अस्पताल में ले गए। इसके बाद उन्हें श्रीनगर के बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया।

गंभीर चोट : हाल ही में एक वीडियो सामने आया था जिसमें एक तेंदुए को इस तरह लोगों पर झपटते दिखाया गया था।

कमला का इलाज कर रहे श्रीनगर बेस अस्पताल के डॉक्टर अब्दुल रउफ ने बताया, 'उनके बाएं हाथ की हड्डी बाहर आ गई है। दोनों हाथों की कोहनियां टूटी हैं। सिर पर भी घाव हैं। पूरे शरीर में काटने के निशान और नाखून की खरोंचे हैं। वैसे उनकी हालत ठीक है।'

वन विभाग का कहना है कि वो तेंदुए का पोस्टमार्टम करवा रहा है। पिछले दो सप्ताह में उत्तराखंड में तेंदुए के हमले की ये तीसरी घटना है।

अपनी जगहों में बढ़ते खलल और पेड़ों के कटने से तेंदुए जैसे जंगली जानवर रिहाइशी इलाकों का रुख कर रहे हैं। इस वजह से इस तरह के हमले बढ़ते जा रहे हैं।