शुक्रवार, 29 मार्च 2024
  • Webdunia Deals
  1. सामयिक
  2. बीबीसी हिंदी
  3. बीबीसी समाचार
Written By BBC Hindi
Last Modified: बुधवार, 30 जुलाई 2014 (12:33 IST)

कामोत्तेजक पत्र अब नहीं रहे राज़

- ब्रजेश उपाध्याय (वॉशिंगटन)

कामोत्तेजक पत्र अब नहीं रहे राज़ -
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति के अपनी प्रेमिका को लिखे लगभग एक हजार से ज्यादा 'अति कामोत्तेजक' पत्र सार्वजनिक कर दिए गए हैं।

लगभग सौ साल पहले पूर्व राष्ट्रपति वॉरेन हार्डिंग की लिखी गई ये चिट्ठियां सेक्स से जुड़े शब्दों की वजह से इंटरनेट पर वायरल हो गई हैं। इन पत्रों में बेहद खुली भाषा का प्रयोग किया गया है और न्यूयॉर्क टाइम्स अखबार का दावा है कि किसी राष्ट्रपति के हाथों लिखे गए ये सबसे कामुक पत्र हैं। इन पत्रों में क्या लिखा गया है और क्यों हो रही है इनकी चर्चा।

पढ़िए पूरी कहानी...
हार्डिंग ने ये पत्र ओहायो राज्य में रहनेवाली अमेरिकी महिला कैरी फ़ुल्टन फिलिप्स को 1910-1920 के दौरान लिखे थे. तब वो अमेरिकी कांग्रेस में सीनेटर थे।

हार्डिंग 1921 से 1923 तक अमेरिका के राष्ट्रपति रहे और कार्यकाल के दौरान ही उनकी मौत हो गई। उनकी गिनती अबतक के सबसे नाकामयाब राष्ट्रपतियों में होती है और उनके प्रशासन पर भ्रष्टाचार के भी आरोप थे।

इंटरनेट पर इन चिट्ठियों की चर्चा फिलहाल सिर्फ उसकी भाषा की वजह से हो रही है। इसमें उन्होंने अपने गुप्तांग का नाम 'जेरी' रखा हुआ है और जेरी का अक्सर जिक्र किया गया है।

चर्चा में पत्र : एक पत्र में उन्होंने लिखा है, 'जेरी की तरफ से क्रिसमस की शुभकामनाएं। अगर मैं आया तो वो भी आएगा। क्या उसका स्वागत होगा?'
BBC

अमेरिकी टीवी कॉमेडी शो में भी इन पत्रों का खासा जिक्र हो रहा है। फिलिप्स के साथ हार्डिंग की मुलाकात 1905 में हुई थी। वो उनके सबसे करीबी दोस्त की पत्नी थीं और ये रोमांस उनके राष्ट्रपति बनने तक जारी रहा।

राष्ट्रपति हार्डिंग के प्रेमप्रसंग के बारे में अफवाहें तो उनके कार्यकाल के दौरान भी थीं, लेकिन ये पत्र सबसे पहले 1964 में इतिहासकार फ्रांसिस रसेल के हाथ लगे। उस समय हार्डिंग परिवार ने मुकदमा दायर करके उनके प्रकाशन पर रोक लगा दी थी।

इन चिट्ठियों को हासिल करने के बाद हार्डिंग के परिवार ने इन्हें 'लाइब्रेरी ऑफ कांग्रेस' को इस शर्त के साथ दिया था कि उन्हें 50 साल तक सीलबंद रखा जाएगा। हाल के बरसों में इन पत्रों को संभालने की जिम्मेदारी लाइब्रेरी ऑफ कांग्रेस में कैरेन लिन फिमिया की थी।

रोचक जानकारी : कैरेन फिमिया ने बीबीसी को बताया कि अगर लोग प्रेमालाप वाले हिस्सों से हटकर इन्हें पढ़ें तो इनमें प्रथम विश्व युद्ध में अमेरिकी चुनौतियों के बारे में काफी रोचक जानकारी है।

एक पत्र में हार्डिंग को जर्मनी के साथ सहानुभूति व्यक्त करते हुए पाया गया है जबकि अमेरिका ने उस वक्त जर्मनी पर हमला कर रखा था।

उनकी प्रेमिका फिलिप्स के बारे में भी अफवाहें थीं कि वो जर्मनी के लिए जासूसी कर रही थीं, लेकिन जाहिर है इन चिठ्ठियों की चर्चा कूटनीति और राजनीति से प्रेरित नहीं है।