पाकिस्तान के टीवी चैनलों ने रमज़ान के महीने में दिखाए जाने वाले विशेष कार्यक्रमों के लिए लोकप्रिय एंकर और शख्सियतों की सेवा ली है जिसे लेकर विवाद पैदा हो गया है।
एक्सप्रेस ग्रुप के एक चैनल हीरो टीवी ने एक ऐसे कार्यक्रम की योजना बनाई है जिसमें पाकिस्तानी मूल की बॉलीवुड कलाकार वीना मलिक अपने कथित पाप के लिए ईश्वर से माफी मांगेंगी।
इन कथित गुनाहों में वीना मलिक की वो तस्वीर भी शामिल है जिसमें उन्हें एक भारतीय पत्रिका के मुख पृष्ठ पर नग्न दिखाया गया है और उनके हाथ पर आईएसआई चित्रित किया गया है। चैनल के इस कदम से विवाद पैदा हो गया है और सोशल मीडिया पर इस मुद्दे पर एक बहस छिड़ गई है।
मुसलमानों के पवित्र महीने रमज़ान को हल्के ढंग से लेने के लिए चैनल की निंदा की जा रही है और एक ऑनलाइन याचिका भी जारी की गई है ताकि लोग इसके पक्ष या विपक्ष में अपनी राय ज़ाहिर कर सकें।
वीणा पर विवाद : हीरो टीवी के इस कार्यक्रम 'अश्टाग़फ़ार' का एक 39 सेकेंड का प्रोमो भी तैयार किया गया है जिसे यू ट्यूब पर 16 जुलाई को अपलोड किया गया है।
इस प्रोमो की शुरुआत एक चेतावनी से होती है जिसमें कहा गया है कि अपने पापों के लिए प्रायश्चित करने का वक्त आ गया है और फिर वीना मलिक स्क्रीन पर नजर आती हैं और बेहद भावुक स्वर में कहती हैं कि रमज़ान के पाक महीने में वो अपने गुनाहों की माफी मांगेंगी।
आमतौर पर मुसलमान ये मानते हैं कि अगर रमज़ान के महीने में, खासतौर से आखिरी दस दिनों में अल्लाह से अपने गुनाहों की माफी मांगी जाए तो सारे पाप धुल जाते हैं।
विवादास्पद अतीत : खुद को विवादित पाकिस्तानी क्रिकेट खिलाड़ी मोहम्मद आसिफ की पूर्व प्रेमिका बताने वाली वीना मलिक ने 2010 में उस समय सुर्खियां बटोरी थीं जब उन्होंने कहा था कि मोहम्मद आसिफ ने उनसे काफी पैसे लिए थे।
मैच फिक्सिंग कांड के उजागर होने पर वीना मलिक ने आईसीसी जांचकर्ताओं के सामने पेश हुई थीं और उन्होंने मोहम्मद आसिफ के बारे में बयान दिया था कि वो मैच फिक्सिंग में लंबे समय से शामिल रहे हैं।
उसके बाद वीना मलिक ने टीवी शो 'बिग बॉस' में शामिल होकर भी विवाद पैदा कर दिया था। इस शो में भारतीय अभिनेता अश्मित पटेल के साथ उनके आपत्तिजनक दृश्यों को इंटरनेट पर जारी कर दिया गया था जिसकी पाकिस्तान में कड़ी निंदा हुई थी।
एक टीवी टॉक शो में एक पाकिस्तानी धर्मगुरु ने उनपर पाकिस्तान और इस्लाम का अपमान करने का आरोप लगाया था।
चैनलों में होड़ : रमज़ान के महीने में विशेष टीवी कार्यक्रमों की शुरुआत पाकिस्तान के प्रमुख टीवी चैनल जिओ टीवी ने की जब उसने अपने धार्मिक कार्यक्रमों के लिए विवाद में रहे एंकर डॉक्टर लियाक़त हुसैन को प्रतिस्पर्धी चैनल एआरवाई से फोड़ लिया।