मुख पृष्ठ > धर्म-संसार > धर्म-दर्शन > धार्मिक स्थल > गोवर्धन पर्वत और वल्लभाचार्य
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजिएयह पेज प्रिंट करें
 
गोवर्धन पर्वत और वल्लभाचार्य
- हरीश शाह
giriraj mandir
WD

मान्यता है कि पाँच हजार साल पहले गोवर्धन पर्वत 30 हजार मीटर ऊँचा था। पुलस्त्य ऋषि के श्राप के कारण यह पर्वत एक मुट्ठी रोज कम होता जा रहा है। इसी पर्वत को भगवान कृष्ण ने अपनी चीटी अँगुली पर उठा लिया था।

गोवर्धन पर्वत को गिरिराज पर्वत भी कहा जाता है। वल्लभ सम्प्रदाय के वैष्णवमार्गियों के लिए इस पर्वत की परिक्रमा का बहुत महत्व है। वल्लभ संप्रदाय में भगवान कृष्ण के उस स्वरूप की आराधना की जाती है जिसमें उन्होंने बाएँ हाथ से गोवर्धन पर्वत उठा रखा है और उनका दायाँ हाथ कमर पर है। श्रीगोवर्धन पर्वत मथुरा से 22 किमी की दूरी पर स्थित है।

पौराणिक मान्यता अनुसार श्रीगिरिराजजी को पुलस्त्य ऋषि द्रौणाचल पर्वत से ब्रज में लाए थे। दूसरी मान्यता यह भी है कि जब रामसेतुबंध का कार्य चल रहा था तो हनुमानजी इस पर्वत को उत्तराखंड से ला रहे थे लेकिन तभी देववाणी हुई की सेतुबंध का कार्य पूर्ण हो गया है तो यह सुनकर हनुमानजी इस पर्वत को ब्रज में स्थापित कर दक्षिण की ओर पुन: लौट गए।

श्रीवल्लभाचार्यजी का इस पर्वत से गहरा नाता रहा है। इस पर्वत की परिक्रमा मार्ग पर स्थित आन्यौर में श्रीनाथजी का प्राकट्य हुआ था। एक बार श्रीवल्लभाचार्य को श्रीनाथ (कृष्ण भगवान) का सपना आया कि मैं इस पर्वत पर हूँ, यहाँ आओ, मेरी सेवा करो और मेरा प्रचार करो।

उक्त सपने के बाद श्रीवल्लभाचार्यजी ने श्रीनाथजी का प्राकट्य कराकर उनकी भक्ति और प्रचार का कार्य किया। फिर उन्होंने चौरासी स्थान पर बैठकें की।

इस पर्वत की परिक्रमा के लिए समूचे विश्व से कृष्णभक्त, वैष्णवजन और वल्लभ संप्रदाय के लोग आते हैं। यह पूरी परिक्रमा 7 कोस अर्थात लगभग 21 किलोमीटर है।

giriraj mandir
WD
मार्ग में पड़ने वाले प्रमुख स्थल आन्यौर, जातिपुरा, मुखार्विद मंदिर, राधाकुंड, कुसुम सरोवर, मानसी गंगा, गोविन्द कुंड, पूंछरी का लौठा, दानघाटी इत्यादि हैं। गोवर्धन में सुरभि गाय, ऐरावत हाथी तथा एक शिला पर भगवान कृष्ण के चरण चिह्न हैं।

परिक्रमा की शुरुआत वैष्णवजन जातिपुरा से और सामान्यजन मानसी गंगा से करते हैं और पुन: वहीं पहुँच जाते हैं। पूंछरी का लौठा में दर्शन करना आवश्यक माना गया है, क्योंकि यहाँ आने से इस बात की पुष्टि मानी जाती है कि आप यहाँ परिक्रमा करने आए हैं। यह अर्जी लगाने जैसा है।

परिक्रमा में पड़ने वाले प्रत्येक स्थान से कृष्ण की कथाएँ जुड़ी हैं। मुखारविंद मंदिर वह स्थान है जहाँ पर श्रीनाथजी का प्राकट्य हुआ था। मानसी गंगा के बारे में मान्यता है कि भगवान कृष्ण ने अपनी बाँसुरी से खोदकर इस गंगा का प्राकट्य किया था। मानसी गंगा के प्राकट्य के बारे में अनेक कथाएँ हैं। यह भी माना जाता है कि इस गंगा को कृष्ण ने अपने मन से प्रकट किया था।

गिरिराज पर्वत के ऊपर गोविंदजी का मंदिर है। कहते हैं कि भगवान कृष्ण यहाँ शयन करते हैं। उक्त मंदिर में उनका शयनकक्ष है। यहीं मंदिर में स्थित गुफा है जिसके बारे में कहा जाता है कि यह राजस्थान स्थित श्रीनाथद्वारा तक जाती है।

गोवर्धन की परिक्रमा का पौराणिक महत्व है। प्रत्येक माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी से पूर्णिमा तक लाखों भक्त यहाँ की सप्तकोसी परिक्रमा करते हैं। प्रतिवर्ष गुरु पूर्णिमा पर यहाँ की परिक्रमा लगाने का विशेष महत्व है। श्रीगिरिराज पर्वत की तलहटी समस्त गौड़ीय सम्प्रदाय, अष्टछाप कवि एवं अनेक वैष्णव रसिक संतों की साधाना स्थली रही है। जय श्रीकृष्ण। जय श्रीनाथ।
यह भी देखें : श्रीनाथद्वारा वैश्वण तीर्थ
श्रीनाथजी का सप्तस्वरूप वर्णन
संबंधित जानकारी खोजें
और भी
श्रीनाथद्वारा वैश्वण तीर्थ
श्रीराधा दामोदर मंदिर
पाण्डवों के अज्ञातवास का साक्षी : श्रीवासुदेव तीर्थ
सबसे पुरानी वैदिक पाठशाला
मधुवन एक पवित्र स्थली
विश्व विपश्यना पगोड़ा