गुरुवार, 25 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. धर्म-संसार
  2. »
  3. धर्म-दर्शन
  4. »
  5. धार्मिक स्थल
Written By ND

कुछ खास धार्मिक स्थल

कुछ खास धार्मिक स्थल -
पहाड़ी पर हैं निहाल देवी
मध्यप्रदेश के गुना से लगभग 50 किमी दूर सिरसी के घने जंगलों के बीच पहाड़ी पर बना निहाल देवी का मंदिर भक्तों के साथ प्रकृति प्रेमियों को भी आकर्षित करता है। बारिश में पहाड़ियों से कई छोटे-छोटे झरने अपनी तलहटी में एक जलाशय का निर्माण करते हैं। मंदिर के चारों ओर का घना जंगल व पहाड़ियाँ हरियाली की चादर ओढ़ लेती हैं। हर माह की सप्तमी को यहाँ भक्तों का मेला लगता है।

बागवागेश्वर मंदिर
ND
जिला मुख्यालय से करीब 70 किमी दूर चाँचौड़ा के पास बागवागेश्वर का मंदिर भी प्रसिद्घ पिकनिक स्थल है। यहाँ का नजारा भी काफी खूबसूरत है। श्रावण मास में पूरे माह भक्तों का ताँता लगा रहता है। पिछले कुछ सालों में वन विभाग द्वारा किए गए पौधरोपण के कारण यहाँ की सुंदरता में और अधिक निखार आया है। पास ही 16वीं शताब्दी का एक किला भी है। इसमें एक शिवलिंग है।

विशाल शिव मंदि
कदवाया में 10वीं और 12वीं शताब्दी के सात शिव मंदिर हैं। खजुराहो शैली में निर्मित ये गगनचुंबी मंदिर जो देख ले वह भौचक रह जाए, लेकिन सैलानियों व दर्शनार्थियों को यहाँ तक लाने वाला कोई नहीं है। श्रद्धालु मात्र देवी माँ विंध्यवासिनी के दर्शन कर लौट जाते हैं। यहाँ अँगरेजों के जमाने की एक गढ़ी भी है।

ND
थूवौनजी प्राचीन जैन मंदिरों के लिए प्रसिद्ध है। यहाँ 25 विशाल मंदिर हैं। इनमें विराजमान 35 फुट ऊँची जैन प्रतिमाओं के दर्शन करने हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। थूवौनजी के समीप सीतामढ़ी का मंदिर भी प्रमुख स्थल है।

श्री आनंदपुर का आकर्षण
श्री आनंदपुर में अद्वैत मत के अनुयायियों का विश्व प्रसिद्ध दर्शनीय स्थल है। यहाँ स्थित दोनों मंदिर धवल संगमरमर से निर्मित हैं। यहाँ के सुंदर बाग-बगीचे श्रद्धालुओं का मन मोह लेते हैं।

अशोकनगर से चंदेरी जाने के लिए दो मार्ग हैं। ढाकौनी से होकर जाने पर 65 किमी दूरी तय करना पड़ती है, जबकि थूवौनजी होकर जाने वाला मार्ग मात्र 50 किमी पड़ता है। जिला मुख्यालय से थूवौनजी व श्री आनंदपुर 32-32 किमी दूर हैं। कदवाया 52 किमी पड़ता है।