आंध्रप्रदेश के तिरुमाला स्थित तिरुपति मंदिर को दिल्ली के एक श्रद्धालु ने दानस्वरूप सोने की बाल्टी भेंट की है जिसकी कीमत लगभग तीन करोड़ रुपए है। मंदिर के जनसंपर्क अधिकारी टी.रवि ने बताया कि एक श्रद्धालु ने मंदिर के प्रधान डीके औडीकेशवुलु को यह बाल्टी भेंट की। इसका वजन लगभग 18 किलोग्राम है।
इस बाल्टी का उपयोग भगवान के अभिषेक के दौरान किया जाएगा। इससे पहले सबसे ज्यादा कीमत का चढ़ावा कर्नाटक के पर्यटन मंत्री का था। कर्नाटक के पर्यटन मंत्री जी.जर्नादन रेड्डी ने 45 करोड़ रुपए का मुकुट भगवान वेंकटेश्वर को चढ़ाया था। इसे अब तक का सबसे कीमती चढ़ावा माना जाता है।
एक अनुमान के मुताबिक भगवान वेंकटेश्वर के भक्त हर साल यहाँ 300 करोड़ रुपए का नकद चढ़ावा देते हैं। इसके अलावा हर साल सोने-चांदी और हीरे-जवाहरात की भेंट अलग से चढ़ावे में आती है।