भागमति नदी के किनारे स्थित हिन्दुओं की आस्था के केंद्र पशुपतिनाथ मंदिर में पुजारी पदों के लिए अब लिखित परीक्षा होगी और तय वेतन दिया जाएगा। तीन सौ साल से यहाँ दक्षिण भारतीय ब्राह्मण पूजा करते आए हैं, जिन्हें हटाने को लेकर पिछले दिनों काफी विवाद हुआ था। देश के संस्कृति मंत्रालय के अनुसार नई व्यवस्था के तहत वेद, धर्म और तंत्र और संस्कृत का ज्ञान रखने वाले व उच्च चरित्र, शाकाहारी और तीस वर्ष की उम्र पूरी कर चुका व्यक्ति इस परीक्षा के लिए आवेदन कर सकता है। अंतिम चयन साक्षात्कार के बाद होगा। इस घोषणा से पाँचवीं सदी के इस मंदिर में पुजारी पद के लिए सभी को मौका मिल सकेगा। अभी तक ये लोग मंदिर में आए चढ़ावे में से हिस्सा लेते थे। अब मुख्य पुजारी, पुजारी और स्थानीय भंडारी पद के लिए चयनित इन लोगों को तय वेतन दिया जाएगा। |