- माधव ओझा सारी दुनिया इस समय भले ही आर्थिक मंदी से जूझ रही हो, लेकिन शिर्डी के विश्व प्रसिद्ध साँईंबाबा मंदिर में मंदी का कोई असर नजर नहीं आता। इस साल मंदिर में आने वाले भक्तों की तादाद तो बढ़ी ही है, साथ ही भक्त दिल खोल कर दान भी कर रहे हैं। साँई प्रसादालय के आँकड़े बताते हैं कि पिछले साल जनवरी से लेकर अप्रैल तक 27 लाख 66 हजार 604 भक्तों ने प्रसादालय में साँईं का प्रसाद ग्रहण किया था और इस साल जनवरी से अप्रैल-09 तक करीब 34, 23,552 भक्तों ने यहाँ भोजन किया है। इनमें शिर्डी के होटलों में भोजन करने वाले भक्त शामिल नहीं हैं, जो लाखों में होते हैं। साँईबाबा के चरणों में स्वर्ण चढ़ावे में भी वृद्धि हुई है। पिछले साल मंदिर परिसर में लगी हुंडियों में जनवरी में 6.58 करोड़, फरवरी में 4.52 करोड़, मार्च में 6.05 करोड़, अप्रैल में 5.21 करोड़ रु. चढ़ावे में जमा हुए तो इस साल जनवरी में 9.50 करोड़, फरवरी में 5.55 करोड़, मार्च में 7.04 करोड़, अप्रैल में 6.05 करोड़ रु. जमा हुए हैं। साथ ही साँईंबाबा के चरणों में स्वर्ण चढ़ावे में भी वृद्धि हुई है। जनवरी 08 में 1.095 किग्रा, फरवरी 08 में 1.076, मार्च 08 में 1.35, अप्रैल 08 में 1.178 किग्रा सोना भक्तों ने चढ़ाया, तो इस साल जनवरी में 1.745, फरवरी में 1.064, मार्च में 1.922, अप्रैल में 1.286 किग्रा जमा किया गया। |