लोक निर्माण मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय बावनगजा पहुँचे और वहाँ 20 जनवरी से प्रारंभ होने जा रहे भगवान आदिनाथ के महामस्तकाभिषेक महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मंच, पांडाल व अस्थायी आवास शिविरों का अवलोकन भी किया।
श्री विजयवर्गीय ने उपाध्यायरत्न श्री गुप्तिसागरजी महाराज से आशीर्वाद लेकर भगवान आदिनाथ की प्रतिमा के दर्शन किए। उन्होंने पुलिस विभाग को बेरिकेट्स लगाकर भीड़ को नियंत्रित करने की सलाह दी। इस दौरान पत्रकारों से चर्चा में उन्होंने बताया कि 80 फीसदी तैयारियाँ पूर्ण हो चुकी हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे यहाँ से अच्छी यादें लेकर जाएँ।
मंत्रीजी ने संतों के सान्निध्य में सभी विभागों की समीक्षा करते हुए बिजली, सड़क, पानी, परिवहन आदि मामलों में संवेदनशीलता बरतने की सलाह दी। इस अवसर पर जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती रंजना बघेल, संभागायुक्त श्री वीपी सिंह, निमाड़ रेंज के आईजी, डीआईजी सहित महोत्सव समिति के पदाधिकारी मौजूद थे। महोत्सव में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बिजली, पानी व स़ड़क की पुख्ता व्यवस्था की गई है।
20 जनवरी से मेला शुरू होते ही मेला क्षेत्र में 24 घंटे सुचारु विद्युत आपूर्ति के इंतजाम किए गए हैं। इसके लिए विशेष तौर पर विद्युत उपकेंद्र का निर्माण किया गया है और उसने कार्य करना प्रारंभ कर दिया है। ट्रस्ट प्रबंधक श्री इंद्रजीत मंडलोई ने बताया कि तलहटी से चूलगिरि तक के जिनालयों एवं संपूर्ण मेला स्थल पर विद्युत सज्जा की गई है। मेले में करीब 900 किलोवाट क्षमता की विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।
|