मुख पृष्ठ > धर्म-संसार > व्रत-त्योहार > मकर संक्रां‍ति > एक उड़ान अतीत के आकाश से ....
सुझाव/प्रतिक्रियामित्र को भेजिएयह पेज प्रिंट करें
 
एक उड़ान अतीत के आकाश से ....
मकर संक्रांति विशेष
स्मृति जोशी
kites
NDND
पतंगे, मुक्ताकाश में उड़ती, सरसराती, लहराती, इठलाती, सुंदर ,सजीली पतंग, कई -कई रंगों की आकर्षक पतंगे किसे नहीं लुभाती? रंगीन कागज का यह नन्हा सलोना आविष्कार कुछ लोगों के लिए समय की बर्बादी हो सकता है। लेकिन आशा और विश्वास की पतंग, आकांक्षा और संकल्प की पतंग तथा प्रेम और स्वप्न की भावुक पतंग हर युग के हर मानव ने उड़ाई है, उड़ा रहा है।

आज भी कितने ही लोग हमारे बीच ऐसे है ‍िजनकी स्मृतियों के विराट समुद्र में इस एक पतंग के बहाने बहुत कुछ आलोडि़त होता है। कितनी ही दुर्बल अंजुरियों में वह पतंगमयी अतीत आज भी थरथराता है। किसी ने इसे अपनी मुट्ठी में कसकर भींच रखा है । बार-बार खुलती है मुट्ठी और एक मीठी याद शब्दों में बँधकर, कपोलों पर सजकर इसी पुराने आकाश पर ऊँचा उठने के लिए बेकल हो जाती है। जब हमने जानने के लिए हथेली पसारी तो कहाँ संभल सकी वे स्मृतियाँ? अँगुलियों की दरारों से फिसलने लगी। सच ही कहा है किसी ने कि स्मृतियों को समेटने के लिए दामन भी बड़ा होना चाहिए।

एक जोड़ी चमकती बूढ़ी आँखें, खुशी से फैल जाती है। फिर सिकुड़ती हैं, माथे पर त्रिपुंड-तिलक बनता है और यकायक जैसे आत्मीयता से लबरेज एक खिलखिलाता मोहल्ला हमारे समक्ष आ जाता है। ये हैं पंडित सोहनलाल चतुर्वेदी - वो आकाश हमारा अपना था, वो कच्ची खपरैल फिर बाद में बनी टीन की छत। खनकती उन्मुक्त बयार और गगनभेदी अनुगूँज 'काटा है.....!!' आजकल की संक्रांति में वो बात कहाँ?

पतंगे तो आज भी है, आवाजें भी गूँज रही है, फिर वो क्या है जो हमारी एक खास पीढ़ी को लगता है कि कहीं खो गया है। कहाँ? किस जगह? कैसे ? उन्हें नहीं पता, लेकिन बस शिकायत है कि 'वो' नहीं है अब जो ' तब' था। किसे फुर्सत कि ढूँढे 'उसे' ।

हम कहाँ कहते हैं कि तुम ढूँढों। हम तो स्वयं उस कल की मिठास और भोलेपन को ढूँढकर तुम्हें भेंट देना चाहते हैं पर हमारी तो सहज स्वतंत्रता ही बाधित कर दी आज के बाशिंदों ने। यह है अनोखीलाकर्मा। जो बस थोड़ी देर नाराज रहते हैं ‍िफर उनकी यादों से परत-दर-परत पतंगे उठती है और बिखरते हैं पतंगों के नाम - सिरकटी, तिरंगी, चौकड़ी, परियल, डंडियल, कानभात, आँखभात, चाँदभात, गिलासिया, चुग्गी, ढग्गा, और भी ना जाने कितने अनूठे नाम !

पास बैठे गिरधारी शंकर एक जीवंत दृश्य खड़ा कर देते हैं। किसी संकरी सी गली में डोर 'सूती' जा रही है। कोई फ्यूज बल्बों को फोड़कर काँच पीस रहा है। कोई 'सरस' या नीला थोथा रंग के साथ घोल रहा है। घोल तैयार होते ही किसी के हाथों में धागे की 'रील' होती है। और कोई उसे घोल मेडुबोकर 'चकरी' में लपेट रहा है। इस चकरी को 'हुचका' या 'उचका' भी कहते हैं। बिजली के दो खंबों के बीच यह डोर सुखाई जाती है और फिर लपेट ली जाती है। यह संक्रांति की पूर्व संध्या है। इसी जीते-जागते मोहल्ले से यह जानकारी मिलती है कि बरेली की डोर सबसे अच्छी होती है। यह पतली लगती है पर मजबूत होती है।

अब एक और जीवन संध्या के पंछी अतीत के घरौंदे की ओर अपना रूख करते हैं और हम भी उड़ चलते हैं उनके पीछे-पीछे। ये हैं रमणीक भाई देसाई।बता रहे हैं पतंग बनाने का तरीका। ' ये जो पतली छिली लकड़ी पतंग पर चिपकाई जाती है उसे 'काँप' कहते हैं। एक काँप सीधी लंबवत लगाई जाती है और दूसरी धनुषाकार में आहिस्ता से मोड़कर। पतंग उड़ाने के लिए धागों से संतुलन बनाकर जो नाप बाँधा जाता है उसे 'जोते बाँधना' कहते हैं। पतंग का ऊपर आसमान से बातें करना इन्हीं जोतों पर निर्भर है।
1 | 2  >>  
और भी
मकर संक्रांति : सूर्य-संस्कृति का पर्व
धनु से मकर में प्रवेश करेगा सूर्य
शास्त्रानुसार संक्रांति 15 जनवरी को
14 जनवरी से सूर्य उत्तरायण
पुण्य का संग्रह प्रयास
पुष्टि मार्ग में मकर संक्रांति