फिल्मों की सफलता के लिए ग्रहों का काफी बड़ा योगदान माना गया है। तभी तो हर निर्माता मुहूर्त देखकर ही फिल्म निर्माण हेतु कदम रखता है। लगभग सभी कलाकार कोई अंक विद्या से तो कोई ज्योतिष के माध्यम से अपना लकी स्टोन पहनता है।
महानायक अमिताभ बच्चन भी एक नहीं दो नीलम धारण किए हुए हैं वहीं संजय दत्त पुखराज व मोती पहनते हैं। इसी प्रकार परेश रावल भी पुखराज व मोती धारण किए हुए हैं। करीना कपूर को भी पन्ना पहने हुए देखा जा सकता है। लेकिन जहाँ जन्म लग्न में अशुभ ग्रह हों तो सफलता में ये बाधक बन जाते हैं।
इसका उदाहरण कई अभिनेत्रियाँ आईं व गईं। कई को सफलता मिली तो कई को असफलता ही हाथ लगी जिसमें ममता कुलकर्णी भी एक है। ममता का जन्म 20 अप्रैल 1972 को मिथुन चंद्र लग्न में मुंबई में हुआ। बतौर अभिनेत्री के रूप में ममता की पहली फिल्म 1992 में तिरंगा आई थी। इसके बाद आशिक आवारा, क्रांतिवीर, करण अर्जुन और बागी में वे दिखाई दीं।
फिल्म घातक में आयटम गर्ल की भूमिका में दिखीं। उनकी पहचान स्टार डस्ट के लिए 1993 में टॉपलेस फोटो से बनी थी। फिल्मी दुनिया में कोई विशेष नहीं कर पाईं। देखें कौन से ग्रह हैं जो ममता की राह में बाधक बनकर खड़े हैं। ममता की जन्म राशि मिथुन और नाम राशि सिंह है।
जन्म राशि लग्न से देखा जाए तो मनोरंजन का कारक शुक्र भाग्येश शनि व षष्ठेश एकादशेश मंगल के साथ है जो मनोरंजन की दुनिया में सबसे बड़ा बाधक बनता है। भाग्य को बाधा पहुँचाई षष्ठेश मंगल ने। खूबसूरत होने के बावजूद ममता आइटम गर्ल के रूप में देखी जाती है और सेक्सी नृत्यांगना के रूप में पहचानी जाने का कारण भी शनि शुक्र मंगल की युति है।
शनि शुक्र की युति जातक को सेक्सी बना देती है तभी स्टार डस्ट में छपे उस चित्र से हंगामा हो गया था और ममता को कोर्ट तक जाना पड़ा था। वैसे ममता की पत्रिका में चंद्र-गुरु का सम सप्तक योग भी अच्छा ही है जो फिल्मों में थोड़ी-बहुत सफलता का आधार बनता है।
वैसे सूर्य उच्च का है तो बुध जो बुद्धि का कारक है नीच राशिगत है। यही कारण है कि ममता सुंदर होने के साथ-साथ अच्छी काया होने पर भी हीरोइन साबित नहीं हो सकी।
|